विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंदन में 'बारामुला एक्सप्रेस' ने मचाया गदर! आकिब नबी के छक्के ने बदला मैच का रुख, सरे कोच भी मुरीद

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:53 AM (IST)

भारत के आलराउंडर आकिब नबी ने लंदन में काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए शानदार प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य कोच ...और पढ़ें

आकिब नबी को बधाई देते कोच गैरेथ बैटी और अन्य स्टाफ। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

आकिब नबी को बधाई देते कोच गैरेथ बैटी और अन्य स्टाफ। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. आकिब नबी ने सरे के लिए काउंटी डेब्यू में शानदार प्रदर्शन किया।

  2. मुख्य कोच गैरेथ बैटी ने आकिब की प्रतिभा और धैर्य सराहा।

  3. आकिब नबी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए मजबूत दावेदार बताया गया।

विकास अबरोल, जम्मू। भारत के बेहतरीन आलराउंडर एवं 'बारामुला एक्सप्रेस' के नाम से प्रसिद्ध आकिब नबी की अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मंच पर भी जमकर प्रशंसा हो रही है। भारत के तेज गेंदबाज आकिब इन दिनों गौरों की धरती लंदन में जारी काउंटी चैंपियनिशप में सरे क्लब की ओर से खेल रहे हैं।

आकिब ने सरे के लिए यार्कशायर के विरुद्ध अपना काउंटी डेब्यू किया। मैच के दौरान जब सरे की टीम संकट में थी, तब आकिब ने शानदार छक्का लगाकर टीम की जीत का सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई और देखते ही देखते विदेशी धरती पर जम्मू-कश्मीर के आकिब सभी क्रिकेट प्रेमियों की आंखों का तारा बन गए।

आकिब के खेल से सरे के मुख्य कोच गैरेथ बैटी इतने प्रभावित हुए और उन्होंने कहा कि जब इस शानदार आलराउंडर ने मैच का रुख बदल देने वाला एक ऐसा क्षण पेश किया जिससे दर्शक और ड्रेसिंग रूम में जोश भर गया, तो मैं भी आकिब के छक्के को देखकर हैरान हो गया।

बैटी ने नबी की पारी को सराहा

मैच के उपरांत मीडिया द्वारा जब सरे के मुख्य कोच गैरेथ बैटी से ये पूछा गया कि क्या आप नबी को एक संभावित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में देखते हैं, बैटी ने क्रिकेटर की प्रतिभा और धैर्य दोनों की सराहना की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि वह छक्का बहुत ही शानदार था। क्या गजब का शाट था।' उन्होंने आगे कहा कि यह छक्का दबाव में प्रदर्शन करने की नबी की क्षमता का स्पष्ट संकेत था।

पीठ की चोट से प्रभावित हुई शुरुआत

बैटी ने क्लब के लिए नबी के शुरुआती प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि मैच से पहले नबी की पीठ में हल्की चोट लग गई थी, जिससे पहले मैच में उनकी लय प्रभावित हुई होगी। बैटी ने कहा, 'पहले मैच में वह लय में आने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका कौशल वाकई अद्भुत दिखता है।

बैटी ने विश्वास जताया कि आकिब नबी जल्द ही पूरी तरह से फार्म में वापस आ जाएंगे, और सुझाव दिया कि खिलाड़ी अगले तीन मैचों के भीतर अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में लौट सकते हैं।

नबी को टीम में लेने की वजह बताई

आकिब नबी के मैदान पर शानदार प्रदर्शन के अलावा, बैटी ने नबी की सरे की टीम में शामिल किए जाने संबंधी पूछे प्रश्न के उत्तर में कहा, 'हमने चयन और खिलाड़ी के बारे में भारत के कई प्रतिष्ठित लोगों से बातचीत की। यहीं एक कारण था कि हम उन्हें टीम में लाए हैं। 

बैटी ने जोर देकर कहा, 'यह एक दो-तरफा निवेश है। हमारी ओर से उनकी ओर और उनकी ओर से हमारी ओर। अकीब की सीम पोजीशन आदर्श है। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराते हैं और लगातार सही जगहों पर हिट करते हैं।

बैटी ने कहा कि अगर मैं संक्षेप में कहूं तो हमारा आकलन स्पष्ट और उत्साहजनक था। आकिब नबी में उच्च स्तरीय क्रिकेट के लिए आवश्यक प्रतिभा और स्वभाव का अद्भुत मेल है। अगर उनकी कलात्मक पावर-हिटिंग और काउंटी परिस्थितियों में तेजी से ढलने की क्षमता को देखा जाए, तो आकिब नबी आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय चयन के लिए मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार दिखते हैं।

दो रणजी ट्राफी सीजन में 104 विकेट

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के होनहार क्रिकेटर आकिब नबी ने लगातार दो रणजी ट्राफी सीजन में 104 विकेट लिए, जिनमें 12 बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है। उन्होंने दलीप ट्राफी में हैट्रिक भी ली।

श्रीलंका में खेले गए एक अनौपचारिक टेस्ट मैच में इंडिया ए के लिए छह विकेट लिए और यार्कशायर के विरुद्ध सरे के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 15 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट हासिल की, जबकि दूसरी पारी में पांच ओवर में मात्र 17 रन देकर एक विकेट हासिल करने में सफल रहे हैं।