विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर घूमने वालों के लिए खुशखबरी, अब टूरिस्ट करीब से देख सकेंगे चिनाब पुल; बन रहा खास प्लेटफॉर्म

Published: Thu, 15 Oct 2026 02:08 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे पुल अब पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बनने जा रहा है। ...और पढ़ें

जम्मू कश्मीर में चिनाब पुल पर बन रहा विशेष व्यूइंग प्लेटफॉर्म। (फाइल फोटो)

जम्मू कश्मीर में चिनाब पुल पर बन रहा विशेष व्यूइंग प्लेटफॉर्म। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चिनाब पुल पर विशेष व्यूइंग प्लेटफॉर्म का निर्माण जारी है।

  2. पर्यटक एफिल टॉवर से ऊंचे पुल का शानदार नज़ारा देख सकेंगे।

  3. पुल के पास इंजीनियरिंग संग्रहालय भी बनाया जा रहा है।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल अब पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनने जा रहा है। भारतीय रेलवे चिनाब पुल को करीब से देखने के लिए यहां एक विशेष व्यूइंग प्लेटफॉर्म बना रहा है। यहां से पर्यटक इस मशहूर पुल को निहार सकेंगे, जिसकी ऊंचाई एफिल टॉवर से भी ज्यादा है।

चिनाब नदी पर बने इस स्टील आर्च पुल को देखने के लिए 'व्यूइंग प्लेटफॉर्म' का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा और इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इंजीनियरिंग का यह अद्भुत नमूना पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, इन ऑब्जर्वेशन डेक से पर्यटक रेलवे इंजीनियरिंग की इस शानदार मिसाल को करीब से देख सकेंगे। अभी तक लोग ट्रेन में सफर के दौरान ही इस पुल को देख पाते थे। यहां से वे 1300 मीटर लंबे और नदी तल से 359 मीटर ऊंचे इस पुल का शानदार नजारा देख सकेंगे।'

चिनाब पुल के निर्माण की कहानी दिखाएगा इंजीनियरिंग संग्रहालय

अधिकारियों के अनुसार, यहां एक इंजीनियरिंग संग्रहालय भी बनाया जा रहा है, जिसमें इस पुल के निर्माण के विभिन्न चरणों और इसे बनाने में आई चुनौतियों को दिखाया जाएगा। यह मशहूर पुल 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (USBRL) का हिस्सा है, जिसने कश्मीर को हर मौसम में काम करने वाली रेल कनेक्टिविटी प्रदान की है।

कटरा से श्रीनगर तक का सफर 3 घंटे में

हर मौसम में कनेक्टिविटी देने के साथ-साथ, इसने जम्मू और श्रीनगर के बीच की दूरी और यात्रा के समय को भी कम कर दिया है। अब वंदे भारत ट्रेन से कटरा से श्रीनगर तक का सफर 3 घंटे से भी कम समय में पूरा हो जाता है।

36 सुरंगों और 900 से ज्यादा पुलों से गुजरती है रेल लाइन

यह रेल लाइन 36 सुरंगों और 900 से अधिक पुलों से होकर गुजरती है। कटरा और काजीगुंड के बीच के 110 किलोमीटर के रास्ते में से 90 किलोमीटर से अधिक हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरता है, जिनमें भारत की सबसे लंबी रेल सुरंगें भी शामिल हैं।

चिनाब पुल को हिमालय के दुर्गम इलाके और भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में बनाया गया है। स्टील से बने इस आर्च पुल को इस तरह तैयार किया गया है कि यह तेज हवाओं के साथ 8 तीव्रता तक के भूकंप का सामना कर सके।

अब तक, लोग कश्मीर की यात्रा के दौरान ट्रेन की खिड़की से ही इस पुल को देख पाते थे। ये 'ऑब्जर्वेशन प्लेटफॉर्म' लोगों को एक नया अनुभव देंगे और इस पुल को एक पर्यटन स्थल में बदल देंगे।

20 साल में बना चिनाब पुल

20 साल से ज़्यादा समय में बनकर तैयार हुए इस पुल का उद्घाटन पिछले साल जून में किया गया था। इंजीनियरिंग संग्रहालय लोगों को इसके निर्माण के पीछे की कहानी बताएगा।

इस पुल और रेल लिंक ने कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा दिया है। कटरा में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले कई तीर्थयात्री अब ट्रेन का इस्तेमाल करके तीन घंटे से भी कम समय में श्रीनगर पहुँच जाते हैं।