विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में त्योहारी सीजन से पहले ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम! अगस्त में 21,788 गाड़ियां बिकीं, कारों की डिमांड

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:01 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में गणेश महोत्सव के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है, जिससे ऑटोमोबाइल सेक्टर में रौनक आ गई है ...और पढ़ें

अगस्त में वाहनों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 42.84% उछाल। (फाइल फोटो)

अगस्त में वाहनों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 42.84% उछाल। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. गणेश महोत्सव से त्योहारी सीजन की शुरुआत, ऑटो सेक्टर में रौनक।

  2. अगस्त में वाहनों की बिक्री में 42.84% की शानदार वृद्धि दर्ज।

  3. आगामी त्योहारी सीजन के लिए बुकिंग और पूछताछ शुरू।

जागरण संवाददाता, जम्मू। सोमवार को गणेश महोत्सव के श्रीगणेश के साथ ही त्योहारी सीजन आरंभ हो रहा है। गणेश महोत्सव के बाद पितृ पक्ष आएगा जिसके बाद नवरात्र और शादियों-त्योहारों का सीजन शुरू हो जाएगा। इस त्योहारी सीजन के नजदीक आते ही जम्मू-कश्मीर के आटोमोबाइल सेक्टर में रौनक आना शुरू हो गई है और अभी से आगामी त्योहारी सीजन के लिए बुकिंग का दौर शुरू हो गया है।

ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि साल की अंतिम तिमाही में आटोमोबाइल सेक्टर में उत्सावर्धक बिक्री देखने को मिलेगी क्योंकि बीते अगस्त माह में भी लाेगों ने गाड़ियों की अच्छी खरीदारी की है, जिससे पिछले साल अगस्त की तुलना में इस साल गाड़ियों की बिक्री में 42.84 प्रतिशत का उछाल देखा गया है।

मानसून के मौसम में वाहनों की बिक्री कुछ धीमी पड़ती है लेकिन इस बार जुलाई के मुकाबले अगस्त में वाहनों की बिक्री 3.1 प्रतिशत अधिक रही जिससे पूरा सेक्टर उत्साहित है और सितंबर के पहले दस दिनों में जिस तरह से इंक्वायरी व बुकिंग आ रही है, उससे इस सेक्टर को त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री होने की उम्मीद बंधी है।

अगस्त में वाहन बिक्री ने पकड़ी रफ्तार

अगस्त माह में वाहनों की बिक्री पर अगर एक नजर डाली जाए तो अगस्त 2026 में जम्मू-कश्मीर में कुल 21,788 वाहनों की बिक्री हुई जोकि पिछले साल अगस्त में हुई बिक्री से 41.84 प्रतिशत अधिक थी। अगस्त 2025 में प्रदेश में कुल 15,253 वाहनों की बिक्री हुई थी, जिसका मुख्य कारण उस दौरान जम्मू में बाढ़ से भारी तबाही भी रहा था।

वहीं अगर जुलाई और अगस्त 2026 में वाहनों की बिक्री की तुलना करें तो जुलाई में 21,124 प्रतिशत वाहनों की बिक्री हुई थी जोकि अगस्त में 3.1 प्रतिशत बढ़कर 21,788 रही।

वाहनों की बिक्री

दो पहिया वाहन
अगस्त 2026 : 12,579
अगस्त 2025 : 9230
वृद्धि : 36.28 प्रतिशत
---------
तीन पहिया वाहन
अगस्त 2026 : 1655
अगस्त 2025 : 1005
वृद्धि : 64.68 प्रतिशत
---------
व्यवसायिक वाहन
अगस्त 2026 : 977
अगस्त 2025 : 756
वृद्धि : 29.23 प्रतिशत
-------------
कारें
अगस्त 2026 : 6191
अगस्त 2025 : 3999
वृद्धि : 54.81 प्रतिशत
--------------
ट्रैक्टर
अगस्त 2026 : 347
अगस्त 2025 : 245
गिरावट : 41.63 प्रतिशत
-------------
कुल वाहनों की बिक्री
अगस्त 2026 : 21,788
अगस्त 2025 : 15,253
वृद्धि : 42.84 प्रतिशत
---------
जुलाई 2026 में कुल वाहनों की बिक्री : 21,124
अगस्त 2026 में कुल वाहनों की बिक्री : 21,788
वृद्धि : 3.1 प्रतिशत

'आगामी सीजन काफी अच्छा रहेगा'

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन जेएंडके के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने बताया कि अगस्त माह के आंकड़े काफी उत्सावर्धक है और बिक्री में आई तेजी ग्राहकों के बढ़ने विश्वास का प्रतीक है। अब चूंकि त्याहारों व शादियों का सीजन शुरू हो रहा है, लिहाजा हमें पूरी उम्मीद है कि वाहनों की बिक्री में तेजी आएगी।

सीजन में सबसे अधिक तेजी दो पहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री में रहती है जिसके लिए सभी डीलर्स इन दिनों तैयारियों में जुटे हैं। अभी से डीलरों के पास इंक्वायरी व बुकिंग आ रही है, जिससे उम्मीद बंधी है कि इस सेक्टर के लिए आगामी सीजन काफी अच्छा रहेगा।