विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवाचौथ पर जम्मू की महिलाओं में दिखा नया क्रेज, राजस्थान से पहुंचे खास कारीगर; मेहंदी के इन डिजाइन्स की ज्यादा मांग

Published: Wed, 28 Oct 2026 11:46 AM (IST)

Karwa Chauth 2026: करवाचौथ पर जम्मू के बाजारों में रौनक है, जहां महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए उत्साहित हैं। राजस्थान ...और पढ़ें

करवाचौथ पर जम्मू में चढ़ा राजस्थानी मेहंदी का रंग। (फाइल फोटो)

करवाचौथ पर जम्मू में चढ़ा राजस्थानी मेहंदी का रंग। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राजस्थान से आए कारीगरों ने जम्मू में सजाया मेहंदी बाजार।

  2. अरेबियन, मारवाड़ी, राजस्थानी डिजाइन महिलाओं को खूब लुभा रहे।

  3. मेहंदी के साथ नेल आर्ट की भी बढ़ रही है मांग।

जागरण संवाददाता, जम्मू। करवाचौथ पर्व को लेकर शहर के बाजार गुलजार हैं। महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए 29 अक्तूबर को 16 शृंगार कर करवाचौथ का व्रत रखेंगी। महिलाओं के शृंगार में मेहंदी भी एक हिस्सा है। माना जाता है कि मेहंदी के बिना नारी का सौंदर्य अधूरा है। करवाचौथ पर खरीदारी के साथ महिलाओं में मेहंदी लगवाने के प्रति भी खासा उत्साह नजर आ रहा है।

बाजार में मेहंदी लगवाने का क्रेज भी बढ़ता जा रहा है। बाजार में करवाचौथ पर्व को लेकर मेहंदी के अरेबियन, मारवाड़ी व राजस्थानी डिजाइन महिलाओं व युवतियों को काफी लुभा रहे हैं। मेहंदी में मिलाए गए जैतून के तेल की खुशबू महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

राजस्थान से कारीगरों की टोलियां जम्मू पहुंची

महिलाओं के करवाचौथ व्रत को यादगार बनाने के लिए हर साल की तरह इस बार भी राजस्थान से कारीगरों की टोलियां जम्मू पहुंच गई है। इस खास त्योहार के लिए विशेष रूप से आए इन कारीगरों ने शहर के पुरानी मंडी चौक और गांधी नगर गोल मार्केट में अपना बाजार सजा लिया है और इनके पास मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं व युवतियों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई।

कारीगरों की ये टोलियां अपने साथ केवल मेहंदी ही नहीं, बल्कि राजस्थानी आर्टिफिशयल ज्वैलरी व पारंपरिक परिधान भी बिक्री के लिए लेकर आए है। इन दिनों में युवतियों व महिलाओं में इनकी भी काफी मांग रहती है।

डिजाइन के अनुसार है दाम

मेहंदी लगाने वाले लोकपाल, रबिया व सोनू ने बताया कि एक हाथ पर मेहंदी लगाने के लिए 100 रुपये लिए जा रहे है। डिजाइन के हिसाब व कोहनी तक मेहंदी लगाने पर दाम बढ़ा दिए जाते हैं। दोनों हाथों पर मेहंदी लगाने के 200 से 600 रुपये तक मिल रहे हैं।

करवाचौथ पर महिलाओं को सुंदर व आकर्षक मेहंदी लगाने के लिए वे अपने परिवार के साथ यहां आए है। सभी अलग-अलग जगह करवाचौथ पर महिलाओं को मेहंदी लगाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि करवाचौथ को लेकर महिलाएं अरेबियन, मारवाड़ी व राजस्थानी के साथ कड़ा सर्कल व नाम से बने मेहंदी के डिजाइन भी काफी पसंद कर रही हैं। मेहंदी काे खासतौर पर जयपुर से मंगवाया गया है। इसमें जैतून का तेल मिलाने पर हाथ पर मेहंदी का रंग खिलकर आता है।

मेहंदी पर भी चढ़ा आधुनिकता का रंग

कारीगर बताते हैंं कि पिछले कुछ सालों में मेहंदी के डिजाइनों में काफी बदलाव आया है। पहले साधारण फूल-पत्तियों के डिजाइन चलते थे, लेकिन अब मधुबनी, थ्री डी, फ्लोरल, शेडेड, लोटस, पोट्रेट स्टाइल, करवाचौथ स्पेशल छलनी डिजाइन और सर्कल पाम डिजाइन जैसी अनेक शैलियों में मेहंदी लगाई जाती है।

पहले महिलाएं केवल हाथों में मेहंदी लगाना पसंद करती थी, लेकिन अब महिलाएं गर्दन, कमर और बाजुओं पर भी टैटू मेहंदी लगवाती हैं।

नेल आर्ट भी करवा रही महिलाएं

करवाचौथ के शृंगार को पूरा करने के लिए महिलाएं व युवतियां इन दिनों मेहंदी के साथ नेल आर्ट भी करवा रही है। मेहंदी लगाने आई टोलियों में कई ऐसे कारीगर भी है जो नेल आर्ट में महारत रखते है। इनके अलावा ब्यूटी पार्लरों में भी इन दिनों नेल आर्ट को लेकर काफी बुकिंग है।

ब्यूटी पार्लर संचालक बताती हैं कि नेल आर्ट के लिए अधिकतर महिलाओं व युवतियों ने बुधवार व वीरवार के लिए बुकिंग करवा रखी है और अधिकतर अपने पहनावे से मैच करते हुए नेल आर्ट करवाती है।