विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में घर-जमीन खरीदने वालों के लिए बड़ा अपडेट! JKRERA की नई सुविधा, धोखाधड़ी का जोखिम होगा कम

Published: Sat, 12 Sep 2026 01:03 PM (GMT+05:30)

जम्मू-कश्मीर रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (जेकेरेरा) ने रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दो नई डिजिटल सुविधाएं शुरू ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में रियल एस्टेट परियोजना की वैधता की जांच करना आसान। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर में रियल एस्टेट परियोजना की वैधता की जांच करना आसान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेकेरेरा ने रियल एस्टेट में पारदर्शिता हेतु दो नई सुविधाएं शुरू कीं।

  2. खरीदार अब डिजिटल नक्शे पर परियोजनाओं की स्थिति आसानी से देख सकेंगे।

  3. अपंजीकृत परियोजनाओं की शिकायत सीधे जेकेरेरा तक पहुंचाई जा सकेगी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में घर, जमीन या अन्य संपत्ति में निवेश करने वालों के लिए अब किसी रियल एस्टेट परियोजना की वैधता और पंजीकरण स्थिति की जांच करना आसान होगा। जम्मू-कश्मीर रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (जेकेरेरा) ने रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से अपने आधिकारिक पोर्टल पर दो नई डिजिटल सुविधाएं शुरू की हैं।

इनमें ‘जीआइएस प्रोजेक्ट ट्रैकर’ और ‘रिपोर्ट अनरजिस्टर्ड प्रोजेक्ट’ शामिल हैं। नई व्यवस्था के तहत नागरिक अब डिजिटल नक्शे पर अपने आसपास मौजूद रियल एस्टेट परियोजनाओं की स्थिति देख सकेंगे।

साथ ही, बिना पंजीकरण संचालित हो रही परियोजनाओं की शिकायत सीधे जेकेरेरा तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे संभावित खरीदारों को संपत्ति में निवेश से पहले संबंधित परियोजना की वास्तविक स्थिति और पंजीकरण की जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।

अब डिजिटल नक्शे पर दिखेंगी रियल एस्टेट परियोजनाएं

जेकेरेरा की जियोग्राफिक इन्फारमेशन सिस्टम (जीआईएस) आधारित सुविधा के माध्यम से रियल एस्टेट परियोजनाओं को डिजिटल नक्शे पर देखा जा सकेगा। इंटरैक्टिव मैप पर पंजीकृत परियोजनाओं के अलावा उन प्रोजेक्ट्स की जानकारी भी उपलब्ध होगी, जिनके पंजीकरण आवेदन फिलहाल प्रक्रिया में हैं।

खरीदार जेकेरेरा पोर्टल के होमपेज पर उपलब्ध ‘व्यू आन द मैप’ विकल्प के जरिए संबंधित परियोजना की स्थिति देख सकेंगे। इससे संपत्ति खरीदने से पहले परियोजना की वैधता जांचने की प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी। बिना पंजीकरण चल रही परियोजनाओं और अनधिकृत गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के लिए जेकेरेरा ने ‘रिपोर्ट अनरजिस्टर्ड प्रोजेक्ट’ सुविधा भी शुरू की है।

इसके जरिए कोई भी नागरिक अपने आसपास चल रही ऐसी रियल एस्टेट परियोजना की शिकायत कर सकता है, जो जेकेरेरा के साथ पंजीकृत नहीं है। शिकायत के दौरान परियोजना से संबंधित विवरण के साथ मौके की तस्वीरें भी साक्ष्य के तौर पर अपलोड की जा सकेंगी।

मेहनत की कमाई लगाने से पहले प्रोजेक्ट की करें जांच

प्राप्त जानकारी के आधार पर प्राधिकरण आवश्यक नियामकीय कार्रवाई कर सकता है। जेकेरेरा ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से पहले परियोजना की पंजीकरण स्थिति और प्रामाणिकता की जांच जरूर करें।

प्राधिकरण के अनुसार, नई डिजिटल सुविधाओं से रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा खरीदारों को अनधिकृत परियोजनाओं के जोखिम से बचाने में मदद मिलेगी।