विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधमपुर में JKEDI का बूट कैंप आयोजित, स्टार्टअप आइडिया चैलेंज 2.0 में 5 प्रतिभागी अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट

Published: Tue, 29 Sep 2026 02:33 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) ऊधमपुर ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक के साथ मिलकर स्टार्टअप आइडिया चैलेंज 2.0 बूट कैंप आयोजित किया।

जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेकेईडीआई ऊधमपुर ने स्टार्टअप आइडिया चैलेंज 2.0 बूट कैंप आयोजित किया

  2. कुल 110 प्रतिभागियों में से 13 ने अपने विचार प्रस्तुत किए

  3. पांच प्रतिभागियों को चैलेंज के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया

जागरण संवाददाता, उधमपुर। जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) के जिला केंद्र ऊधमपुर ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक के सहयोग से कॉलेज परिसर में स्टार्टअप आइडिया चैलेंज 2.0 के तहत बूट कैंप का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और इच्छुक उद्यमियों को अपने नवाचार आधारित विचार प्रस्तुत करने तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम की जानकारी उपलब्ध कराना था।


बूट कैंप में कुल 110 उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनमें से 13 प्रतिभागियों ने जूरी पैनल के समक्ष अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए, जबकि पांच प्रतिभागियों को चैलेंज के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्रिंसिपल इंजीनियर विवेक महाजन ने किया।

इस मौके पर जिला उद्योग केंद्र ऊधमपुर के फंक्शनल मैनेजर जगदीप सिंह, जेकेईडीआई जम्मू कैंपस के एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष बरू, उद्यमी एवं अतिथि वक्ता शुभम शर्मा तथा विभिन्न संकाय सदस्य मौजूद रहे।

जेकेईडीआई ऊधमपुर के डीएनओ यश पाल शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए चैलेंज के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान विकसित करने का आह्वान किया। प्रिंसिपल विवेक महाजन ने जेकेईडीआई की पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमशील सोच विकसित करने पर जोर दिया। वहीं जगदीप सिंह ने युवाओं को स्टार्टअप स्थापित कर जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

उद्यमी शुभम शर्मा ने अपनी उद्यमिता यात्रा, स्टार्टअप स्थापित करने के दौरान आने वाली चुनौतियों और अवसरों के अनुभव साझा किए। अभिलाष बरू ने प्रतिभागियों को जम्मू-कश्मीर स्टार्टअप नीति 2024-27 की जानकारी देने के साथ प्रभावी बिजनेस आइडिया तैयार करने और उसे प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।