विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में MBBS-BDS की खाली सीटों पर तीसरा मौका, माप-अप राउंड शुरू; ये उम्मीदवार होंगे पात्र

Published: Thu, 01 Oct 2026 01:35 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन ने MBBS और BDS की खाली सीटों को भरने के लिए माप-अप राउंड की ...और पढ़ें

MBBS और BDS की खाली सीटों के लिए जेकेबोपी माप-अप राउंड शुरू। (फाइल फोटो)

MBBS और BDS की खाली सीटों के लिए जेकेबोपी माप-अप राउंड शुरू। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेकेबोपी ने एमबीबीएस/बीडीएस खाली सीटों के लिए माप-अप राउंड शुरू किया।

  2. ऑनलाइन काउंसलिंग में सभी उम्मीदवारों को नए विकल्प भरने होंगे।

  3. सीट मैट्रिक्स देखकर सावधानी से संस्थान चुनें, बदलाव संभव नहीं।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने विभिन्न सरकारी व निजी मेडिकल व बीडीएस में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए माप-अप राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार तीसरे राउंड माप अप की आनलाइन अपग्रेडेशन, अलाटमेंट काउंसलिंग के लिए च्वाइस फिलिंग 30 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर दो अक्टूबर मध्यरात्रि तक निर्धारित की गई थी।

इस राउंड में पहले और दूसरे चरण में सीट नहीं पाने वाले उम्मीदवारों के अलावा पहले या दूसरे राउंड में सीट प्राप्त कर संबंधित संस्थान में दाखिला लेने वाले उम्मीदवार भी निर्धारित नियमों के तहत भाग ले सकते हैं।

पहले राउंड में सीट मिलने के बावजूद दाखिला नहीं लेने वाले अथवा निर्धारित समय सीमा के भीतर सीट से इस्तीफा देने वाले उम्मीदवार भी तीसरे राउंड में उपलब्ध सीटों के लिए पात्र होंगे।

दूसरे राउंड के उम्मीदवारों को भी तीसरे राउंड में मौका

दूसरे राउंड में सीट आवंटित होने वाले उम्मीदवार संबंधित संस्थान को छोड़कर अन्य संस्थानों में विकल्प दे सकते हैं। वहीं, जिन उम्मीदवारों ने दूसरे राउंड की आवंटित सीट का दाखिला निर्धारित अंतिम तिथि तक रद्द कर दिया है, वे भी उस संस्थान को छोड़कर अन्य संस्थानों में भाग ले सकेंगे।

इसके अलावा नीट यूजी 2026 में सफल ऐसे उम्मीदवार, जिन्होंने पहले या दूसरे राउंड में काउंसलिंग में हिस्सा नहीं लिया, वे भी तीसरे राउंड में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें 1500 रुपये काउंसलिंग फीस जमा कर नए विकल्प भरने होंगे।

नए सिरे से भरनी होगी कॉलेजों की पसंद

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तीसरे माप-अप राउंड के लिए पहले और दूसरे राउंड में भरे गए विकल्प निरस्त माने जाएंगे। सभी उम्मीदवारों को नए सिरे से कालेजों की पसंद व प्राथमिकता भरनी होगी। नए विकल्प नहीं भरने वाले उम्मीदवार को सीट आवंटन में शामिल नहीं किया जाएगा।

पहले चरण में उन्हीं श्रेणियों की खाली सीटें भरी जाएंगी, जिन श्रेणियों से सीटों की कमी की सूचना मिली है। बाद में नियमों के अनुसार रिक्त आरक्षित सीटों को डी-रिजर्व कर ओपन मेरिट में शामिल किया जा सकता है।

बोर्ड ने उम्मीदवारों को सीट मैट्रिक्स ध्यानपूर्वक देखने और अपनी पसंद के संस्थानों का चयन सावधानी से करने की सलाह दी है, क्योंकि आवंटित सीट में बाद में बदलाव का अवसर नहीं होगा। आवंटित सीट पर समय पर दाखिला नहीं लेने पर सीट रद्द मानी जाएगी।