जम्मू-कश्मीर: MBBS-BDS की दूसरी काउंसलिंग 7 सितंबर से, 10 तक भर सकेंगे पसंद के कॉलेज
जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग की अधिसूचना जारी कर दी है।

HighLights
दूसरी एमबीबीएस बीडीएस काउंसलिंग 7 से 10 सितंबर तक
जेकेबोपी ने ऑनलाइन प्रेफरेंस भरने की अधिसूचना जारी की
पहली काउंसलिंग के अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों पर भाग ले सकते हैं
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी ) ने एमबीबीएस, बीडीएस में दाखिले के लिए दूसरी आनलाइन काउंसलिंग की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार दूसरे चरण की अपग्रेडेशन व सीट आवंटन काउंसलिंग 7 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे से 10 सितंबर की मध्यरात्रि तक चलेगी। इस दौरान पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से आनलाइन प्रेफरेंस भरनी होगी।
दूसरे चरण में वे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्हें पहली काउंसलिंग में कोई सीट आवंटित नहीं हुई थी। इसके अलावा पहली काउंसलिंग में सीट पाने वाले अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं, चाहे उन्होंने सीट ज्वाइन की हो या नहीं।
हालांकि, उन्हें उसी संस्थान को दूसरी काउंसलिंग में दोबारा चुनने की अनुमति नहीं होगी। पहली काउंसलिंग में प्रवेश रद्द कराने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के तहत दूसरी काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे, लेकिन उसी संस्थान में विकल्प नहीं भर सकेंगे।वहीं, जिन पात्र नीट-यूजी 2026 अभ्यर्थियों ने पहली काउंसलिंग में हिस्सा नहीं लिया था, वे भी दूसरी काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को 1500 रुपये काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा।
पहली काउंसलिंग में शुल्क जमा कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा शुल्क नहीं देना होगा।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पहली काउंसलिंग में भरी गई सभी पसंद दूसरी काउंसलिंग के लिए रद्द मानी जाएंगी। सभी अभ्यर्थियों को नई पसंद भरनी होगी। दूसरे चरण में केवल उपलब्ध सीटों को संबंधित श्रेणी के अनुसार मेरिट-कम-प्रेफरेंस के आधार पर भरा जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि पसंद भरने से पहले सीट मैट्रिक्स का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें, क्योंकि एक बार सीट आवंटित होने के बाद उसे बदलना संभव नहीं होगा।
