विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K Weather: मौसम का यू-टर्न, गर्मी के बाद लौटी ठंड; लोगों ने फिर निकाले गर्म कपड़े

Published: Thu, 19 Mar 2026 07:00 AM (IST)

ऊधमपुर में मौसम ने अचानक करवट ली है, जहां एक हफ्ते पहले गर्मी का एहसास हो रहा था, वहीं अब ...और पढ़ें

गर्मी के बाद लौटी ठंड। फोटो जागरण

गर्मी के बाद लौटी ठंड। फोटो जागरण

HighLights

  1. ऊधमपुर में मौसम ने अचानक करवट ली।

  2. बारिश और बादलों से तापमान में गिरावट।

  3. लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाले।

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। एक हफ्ते पहले तक जहां धूप ने गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया था, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट लेकर फिर से सर्दी का अहसास लौटा दिया है। ऊधमपुर में रुक-रुक कर हो रही बारिश और बादलों की घेराबंदी ने तापमान गिरा दिया है, जिससे लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।

बीते कुछ दिनों से बदलते मिजाज के बीच बुधवार तड़के से मौसम ने अचानक रंग बदला। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश होती रही। इससे पहले सोमवार को भी हल्की बारिश के बाद दिनभर बादलों का डेरा बना रहा था।

लगातार बारिश और धूप के न निकलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर शाम होते-होते और अधिक महसूस हुआ। मौसम में आई इस ठंडक ने लोगों की दिनचर्या भी बदल दी है। कुछ दिन पहले तक जहां लोग पंखे चलाने लगे थे और कंबल-रजाइयां समेट दी गई थीं, वहीं अब फिर से जैकेट, स्वेटर और शाल निकालने पड़ रहे हैं। बाजारों और सड़कों पर भी लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।

दरअसल, पिछले सप्ताह तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों ने सर्दी से पूरी तरह राहत मान ली थी, लेकिन अचानक हुए इस बदलाव ने एक बार फिर सर्द मौसम की याद दिला दी है। फिलहाल मौसम के इस बदले मिजाज से जहां ठंडक बढ़ी है, वहीं लोगों को बार-बार बदलते मौसम के हिसाब से खुद को ढालना पड़ रहा है।