आसमान से बरसी आग, जम्मू में पारा 41 के पार
जागरण संवाददाता जम्मू भीषण गर्मी ने हर किसी की हालत पस्त करके रख दी है। आसमान से मानो अ
जागरण संवाददाता, जम्मू : भीषण गर्मी ने हर किसी की हालत पस्त करके रख दी है। आसमान से मानो आग बरस रही हो। मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और जम्मू का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ऐसे में मुश्किल यह है कि अभी राहत की उम्मीद नहीं है और तापमान बढ़ने के आसार हैं।
जम्मू में पिछला सप्ताह राहत भरा रहा था। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, लेकिन रविवार से पारा चढ़ना शुरू हो गया। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है, पर अभी भी यह सामान्य से नीचे ही चल रहा है। जम्मू में न्यूनतम पारा 23.4 डिग्री रहा। वहीं मंगलवार सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे रहे। धूप निकलने के साथ ही तपिश बढ़ने लगी। सुबह साढ़े दस बजे ही अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर में 41.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले इस महीने में दो बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, बुधवार को जम्मू और श्रीनगर में मौसम साफ रहेगा, जबकि लेह में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।
कहां कितना तापमान : बनिहाल का अधिकतम तापमान 29.5, बटोत का 29.5, कटड़ा का 37.2, भद्रवाह का 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 27.9, गुलमर्ग का 14.4 व लेह का 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कारगिल का अधिकतम तापमान 21.8 जबकि न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप