शोपियां और कुलगाम में CIK की बड़ी कार्रवाई, आतंकी मामले में कई ठिकानों पर तलाशी
जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने शोपियां और कुलगाम जिलों में आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले की ...और पढ़ें
-1789331750523_m.webp)
आतंकी मामले में कई ठिकानों पर तलाशी। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
सीआईके ने शोपियां और कुलगाम में आतंकी मामले में तलाशी अभियान चलाया।
यह कार्रवाई आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है।
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी नेटवर्क पर दबाव बढ़ा दिया है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआइके) ने रविवार को घाटी के शोपियां और कुलगाम जिलों में आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में कई आवासीय ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीआइके की टीमों ने शोपियां के नैदगाम गांव और कुलगाम जिले के लडगू रामभामा इलाके में तलाशी ली। इस दौरान संबंधित आवासीय मकानों की जांच की गई। एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चलाया गया।
ये कार्रवाई एक आतंकी मामले की जांच से जुड़ी है। हालांकि, अभियान जारी होने के कारण अधिकारियों ने तलाशी के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
लेकिन यह अभियान कई घंटे चला सीआइके की यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा शनिवार को कश्मीर के कई इलाकों में की गई छापेमारी के एक दिन बाद हुई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी एक आतंकी मामले की चल रही जांच के तहत कुलगाम, बांडीपोरा और बारामुला जिले के सोपोर क्षेत्र में कई स्थानों पर तलाशी ली थी।
आतंकी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों का दबाव बढ़ा
पिछले कुछ हफ्तों में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज किया है। हाल ही में कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और शोपियां जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी।
उन्होंने अधिकारियों को मजबूत खुफिया तंत्र विकसित करने, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए त्वरित एवं निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आइजीपी ने एसएसपी और अन्य अधिकारियों से आतंकी नेटवर्क और उसके इकोसिस्टम पर लगातार दबाव बनाए रखने तथा शांति विरोधी तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा है।
