इलाज के लिए अमृतसर जा रहे हैं? रहने की टेंशन भूल जाइए, ₹2.30 करोड़ का जम्मू-कश्मीर हाउस खुला; मिलेंगी कई सुविधाएं
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में नवीनीकृत जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया। यह सुविधा जम्मू-कश्मीर से इलाज के ...और पढ़ें

अमृतसर में 2.30 करोड़ से तैयार जेएंडके हाउस का उद्घाटन।
HighLights
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया।
₹2.30 करोड़ की लागत से नवीनीकृत, मरीजों को किफायती आवास मिलेगा।
चार अतिथि कमरे, लाउंज, डाइनिंग और रसोई जैसी आधुनिक सुविधाएं।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर से इलाज के लिए अमृतसर आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अब किफायती और आरामदायक ठहरने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरूवार को अमृतसर के 2-कोर्ट रोड स्थित नवीनीकृत जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया। करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किए गए इस भवन में चार अतिथि कमरे, कामन लाउंज, डाइनिंग एरिया और किचन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से नवीनीकृत किए गए इस जेएंडके हाउस का मुख्य उद्देश्य पंजाब के अमृतसर आने वाले जम्मू-कश्मीर के लोगों को बेहतर और सस्ती आवास सुविधा उपलब्ध कराना है।
खासकर गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अमृतसर के अस्पतालों का रुख करने वाले मरीजों और उनके परिवारों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके अलावा छात्र, श्रद्धालु और अन्य आगंतुक भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
चार गेस्ट रूम समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
जेएंडके हाउस के नवीनीकरण और उन्नयन का कार्य अक्टूबर 2025 में शुरू किया गया था। करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से हुए कार्यों में सिविल एवं इलेक्ट्रिकल काम, आंतरिक साज-सज्जा, अतिथि सुविधाओं, बाहरी विकास तथा अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे को शामिल किया गया।
नवीनीकृत भवन में चार अतिथि कमरे बनाए गए हैं, जिनके साथ ड्रेसिंग एरिया और वॉशरूम हैं। इसके अलावा सामूहिक बैठक कक्ष, भोजन कक्ष और रसोई की सुविधा भी विकसित की गई है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सुविधाओं का निरीक्षण किया
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जेएंडके हाउस की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन में साफ-सफाई, आतिथ्य और रखरखाव के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से बाहर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और उनके परिवारों को अक्सर ठहरने की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह सुविधा उनकी परेशानियों को कम करने के साथ-साथ उन्हें सुविधाजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
अस्पतालों के नजदीक होने से मरीजों को फायदा
अमृतसर के प्रमुख अस्पतालों और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के नजदीक स्थित जेएंडके हाउस को जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए एक उपयोगी सहायता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। सरकार के अनुसार, इससे चिकित्सा उपचार के लिए आने वाले लोगों के साथ-साथ शिक्षा, धार्मिक यात्रा और अन्य कार्यों के लिए अमृतसर पहुंचने वाले जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने नवीनीकरण कार्य में शामिल विभागों और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की तथा सुविधा के नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, जेएंडके के रेजिडेंट कमिश्नर रमेश कुमार, सचिव हास्पिटैलिटी एंड प्रोटोकाल अवनी लवासा, अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर अनिल शर्मा समेत जम्मू-कश्मीर और पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
