जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट का दरबार मूव, 31 अक्टूबर को श्रीनगर विंग बंद; 2 नवंबर से जम्मू में शुरू होगा कामकाज
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट की मुख्य विंग वार्षिक दरबार मूव के तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर में बंद होकर 2 ...और पढ़ें

श्रीनगर से जम्मू शिफ्ट होगा हाईकोर्ट। (फाइल फोटो)
HighLights
हाईकोर्ट की मुख्य विंग श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित होगी।
31 अक्टूबर को श्रीनगर में बंद, 2 नवंबर से जम्मू में शुरू।
कर्मचारियों को 25 हजार रुपये का विशेष यात्रा भत्ता मिलेगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट की मुख्य विंग सर्दियों के लिए वार्षिक दरबार मूव के तहत श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित होगी। हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, श्रीनगर स्थित मुख्य विंग 31 अक्टूबर को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद बंद हो जाएगी, जबकि जम्मू में दो नवंबर को सुबह कार्यालय समय में दोबारा कामकाज शुरू होगा।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल एमके शर्मा की ओर से 22 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत मुख्य विंग के साथ कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय भी जम्मू स्थानांतरित किए जाएंगे।
इनमें मुख्य न्यायाधीश के प्रधान सचिव का कार्यालय, रजिस्ट्रार विजिलेंस, जम्मू-कश्मीर ज्यूडिशियल अकादमी के निदेशक का कार्यालय, रजिस्ट्रार रूल्स, रजिस्ट्रार कंप्यूटर (आइटी) और सेंट्रल प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (ई-कोर्ट्स) के कार्यालय शामिल हैं।
जम्मू आने वाले कर्मचारियों को मिलेगा विशेष यात्रा भत्ता
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दरबार मूव के तहत श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित होने वाले कर्मचारियों को 25 हजार रुपये की एकमुश्त विशेष यात्रा भत्ता राशि दी जाएगी। हालांकि, जो कर्मचारी इस मूव के तहत जम्मू नहीं आएंगे, वे इस विशेष भत्ते के पात्र नहीं होंगे।
दरबार मूव से पहले हाईकोर्ट की जम्मू विंग तैयार करने के निर्देश
हाईकोर्ट की जम्मू विंग के रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल को निर्देश दिए गए हैं कि दो नवंबर से पहले सभी चैंबर, अदालतें और रजिस्ट्री कार्यालय पूरी तरह तैयार कर कार्यशील बनाए जाएं। इसके साथ ही सभी टेलीफोन कनेक्शन भी चालू रखने को कहा गया है।
आदेश के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के नाम आधिकारिक पत्राचार 30 अक्टूबर तक श्रीनगर में और इसके बाद जम्मू स्थित मुख्य विंग में प्राप्त किया जाएगा।
