विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के अस्पतालों में 12,614 पद खाली, डॉक्टर और पैरामेडिक्स की भारी कमी; जानें भर्ती पर क्या बोली सरकार

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:26 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 2,891 डॉक्टरों और 9,723 पैरामेडिक्स के पद रिक्त हैं। रेशिपोरा, बडगाम में ...और पढ़ें

जम्मू कश्मीर स्वास्थ्य विभाग में 2891 डॉक्टरों के पद खाली। (फाइल फोटो)

जम्मू कश्मीर स्वास्थ्य विभाग में 2891 डॉक्टरों के पद खाली। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. स्वास्थ्य विभाग में 2,891 डॉक्टर और 9,723 पैरामेडिक्स के पद रिक्त।

  2. 416 डॉक्टरों में से 335 को नियुक्ति आदेश जारी, भर्ती प्रक्रिया जारी।

  3. रेशिपोरा, बडगाम में 125-बेड अस्पताल का 70% कार्य पूर्ण।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के हजारों पद रिक्त हैं। सरकार ने विधायक आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में 2,891 डाक्टरों और 9,723 पैरामेडिक्स/नर्सों के पद खाली हैं।

सरकार के अनुसार, रिक्त पदों के कारण पैदा हुई कमी को फिलहाल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और अकादमिक व्यवस्था के तहत अंतरिम नियुक्तियों के माध्यम से पूरा किया जा रहा है।

जवाब में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित 416 डाक्टरों के चयन संबंधी रिकार्ड विभाग को प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 335 के नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। वहीं 1,567 पैरामेडिकल/नान-गजेटेड पदों को उपयुक्त उम्मीदवारों के चयन के लिए जम्मू-कश्मीर सेवा भर्ती बोर्ड को भेजा गया है।

रेशिपोरा में 125-बेड अस्पताल का काम 70 फीसदी पूरा

सरकार ने रेशिपोरा, बडगाम में प्रस्तावित 125-बेड जिला अस्पताल की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। इसे उपलब्ध धनराशि और शेष कार्यों के पूरा होने पर निर्भर करते हुए वित्तीय वर्ष 2027-28 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।

CCU का काम भी तेजी से आगे बढ़ा

सरकार के अनुसार, परियोजना के लिए अब तक 3,217.53 लाख जारी किए गए, जिसमें से 2,336.56 लाख खर्च किए जा चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष में 1,106.56 लाख जारी किए गए, जबकि इसमें से 225 लाख का उपयोग किया गया।वहीं रेशिपोरा, बडगाम में 100-बेड क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण भी प्रगति पर है। ग्राउंड फ्लोर का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।