जम्मू-कश्मीर के जिम्नास्टों के लिए बड़ा मौका, 10 अक्टूबर से चयन प्रक्रिया शुरू; जानें किस दिन कहां मुकाबला
जम्मू-कश्मीर जिम्नास्टिक एसोसिएशन 10 से 24 अक्टूबर तक राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा।

जम्मू-कश्मीर में 10 अक्टूबर से शुरू होंगी जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं। ((फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं 10 से 24 अक्टूबर तक होंगी।
राष्ट्रीय स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन।
राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए भागीदारी अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जिम्नास्ट खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाने का मौका है। खिलाड़ियों के चयन के लिए जम्मू-कश्मीर जिम्नास्टिक एसोसिएशन 10 से 24 अक्टूबर तक प्रदेश में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। इन प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 अक्टूबर को किश्तवाड़ और सांबा में, 11 अक्टूबर को पुंछ जिला और राजौरी जिला में, 13 अक्टूबर को कठुआ जिला में, 18 अक्टूबर को रियासी जिला में, 22 अक्टूबर को ऊधमपुर जिला में और 23 और 24 अक्टूबर को जम्मू जम्मू में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतिभागियों से जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील
प्रतियोगिता का आयोजन जिम्नास्टिक फेडरेशन आफ इंडिया और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के तत्वावधान में किया जाएगा। सभी प्रतिभागी जिम्नास्ट खिलाड़ियों को प्रतियोगिता आयोजक और समन्वयक रविंदर सिंह को अपने आधार कार्ड की प्रति और फोटो के साथ रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
आगामी राष्ट्रीय स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने के इच्छुक जिम्नास्ट खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयारी का मिलेगा मौका
जम्मू-कश्मीर जिम्नास्टिक एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिम्नास्टिक फेडरेशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष किरण वातल ने उभरते हुए जिम्नास्टों से बड़ी संख्या में भाग लेने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार करने की अपील की है।
