जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव कब? 2 नवंबर से जम्मू में खुलेंगे सरकारी कार्यालय, कर्मचारियों को 25000 विशेष टीए मिलेगा
जम्मू-कश्मीर सरकार ने 2026-27 के शीतकालीन सत्र के लिए दरबार मूव का आदेश जारी किया है, जिसके तहत सरकारी कार्यालय ...और पढ़ें

30-31 अक्टूबर को श्रीनगर में बंद होंगे दफ्तर। (फाइल फोटो)
HighLights
2 नवंबर 2026 को जम्मू में खुलेंगे सरकारी कार्यालय।
कर्मचारियों को 25,000 रुपये विशेष मूव यात्रा भत्ता मिलेगा।
JKRTDC बसें, पुलिस सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर सरकार के सामान्य प्रशासनिक विभाग (जीएडी) ने वर्ष 2026-27 के शीतकालीन सत्र के लिए दरबार मूव को लेकर सरकारी आदेश जारी कर दिया है। सरकारी आदेश संख्या 1664-JK(GAD) of 2026 के अनुसार, श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित होने वाले सरकारी कार्यालय 2 नवंबर 2026 (सोमवार) को जम्मू में दोबारा खुलेंगे।
आदेश के मुताबिक, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालय 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद श्रीनगर में बंद होंगे, जबकि छह दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालय 31 अक्टूबर (शनिवार) को बंद होंगे।
कर्मचारियों को मिलेगा 25 हजार रुपये विशेष टीए
सरकार ने दरबार मूव के तहत स्थानांतरित होने वाले प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 25,000 रुपये की एक समान दर से विशेष मूव यात्रा भत्ता (स्पेशल मूव टीए) देने का फैसला किया है। हालांकि, निर्धारित तिथि से पहले या उसके भीतर स्थानांतरित नहीं होने वाले कर्मचारियों को यह भत्ता नहीं मिलेगा।
इसके अलावा, आवेदन करने वाले गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को नियमों के अनुसार अग्रिम वेतन देने की भी अनुमति होगी, जिसकी वसूली किस्तों में की जाएगी। दरबार मूव कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का अक्टूबर 2026 का वेतन 29 अक्टूबर को निकाला जाएगा।
कर्मचारियों के लिए बसों की व्यवस्था करेगा जेकेआरटीसी
सरकारी आदेश में जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (जेकेआरटीसी) को 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कर्मचारियों की आवाजाही के लिए पर्याप्त संख्या में अच्छी स्थिति वाली बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की टिकट बुकिंग 27 अक्टूबर से सिविल सचिवालय और जेकेआरटीसी के मुख्य बुकिंग काउंटरों पर शुरू होगी।
कर्मचारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए, जहां संभव हो, उसी के अनुसार बसों की बुकिंग की जाएगी। यात्रा के दौरान बस खराब होने की स्थिति में परेशानी से बचाने के लिए प्रत्येक काफिले के साथ एक क्रेन, दो खाली बसें और मोबाइल वर्कशॉप भी उपलब्ध रहेगी।
पुलिस सुरक्षा में रवाना होंगे कर्मचारियों के काफिले
जम्मू-कश्मीर पुलिस कर्मचारियों के काफिलों को उनके निर्धारित गंतव्यों तक सुरक्षा प्रदान करेगी। पुलिस को बनिहाल-काजीगुंड सुरंग और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग से गुजरते समय दरबार मूव काफिले को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रास्ते में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को कर्मचारियों की यात्रा के दौरान काजीगुंड, बनिहाल, रामसू, रामबन, चेनानी, उधमपुर और झज्जर कोटली में चिकित्सा सहायता की व्यवस्था करने को कहा गया है।
जम्मू में राशन काउंटर स्थापित होंगे
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को जम्मू में स्थानांतरित होने वाले कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों के आसपास उचित स्थानों पर राशन काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कर्मचारियों को पर्याप्त राशन उपलब्ध हो सके।
आवास के लिए आवंटन आदेश अनिवार्य
सरकार ने स्पष्ट किया है कि दरबार मूव के तहत आने वाला कोई भी कर्मचारी उचित आवंटन आदेश के बिना सरकारी, एस्टेट विभाग, नगरपालिका या अन्य आवासीय परिसर में नहीं रह सकेगा। हालांकि, कर्मचारी अपने परिवारों के वास्तविक उपयोग के लिए श्रीनगर में पहले से आवंटित सरकारी आवास को निर्धारित शर्तों के तहत बरकरार रख सकते हैं। इसकी सूचना एस्टेट विभाग को देनी होगी।
एस्टेट विभाग को पूर्व परंपरा के अनुसार जम्मू में स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीनगर में बनेगा विंटर सचिवालय
सामान्य प्रशासनिक विभाग श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में विंटर सचिवालय स्थापित करेगा। प्रत्येक प्रशासनिक विभाग को श्रीनगर में एक राजपत्रित अधिकारी और चार गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को तैनात रखने के लिए उनके विवरण प्रस्तुत करने होंगे।
सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी विभाग को किसी अधिकारी या कर्मचारी को श्रीनगर में रोकने की अनुमति नहीं होगी। जहां संभव हो, कर्मचारियों को बनाए रखने के लिए महिला कर्मचारियों और गंभीर चिकित्सा समस्याओं से जूझ रहे कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सभी विभागों को श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में अपने लिए एक-एक कमरा चिह्नित कर उसकी जानकारी सामान्य प्रशासनिक विभाग को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कर्मचारियों को पांच दिन का विशेष आकस्मिक अवकाश
आदेश के अनुसार, दरबार मूव के दिनों के साथ जोड़कर या उनकी निरंतरता में सामान्यतः अवकाश नहीं मिलेगा। केवल अत्यंत असाधारण परिस्थितियों में संबंधित प्रशासनिक सचिव अवकाश मंजूर कर सकेंगे।
हालांकि, कश्मीर में रहने वाले ऐसे दरबार मूव कर्मचारियों को पांच दिन का विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा, जो इसका लाभ लेना चाहते हैं। यह अवकाश जम्मू में आवास उपलब्ध होने या न होने की शर्त से नहीं जोड़ा जाएगा।
27 अक्टूबर तक अटैच कर्मचारियों को वापस भेजने के निर्देश
सभी प्रशासनिक विभागों को कश्मीर संभाग के अधीनस्थ कार्यालयों से अपने साथ अटैच किए गए कर्मचारियों को 27 अक्टूबर तक या उससे पहले वापस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सचिवालय के सुरक्षा प्रभारी एसएसपी को ऐसे कर्मचारियों के अस्थायी पहचान पत्र वापस लेकर कार्यालय बंद होने से पहले सामान्य प्रशासनिक विभाग को रिपोर्ट सौंपनी होगी।
जम्मू में कार्यालयों का समय तय
1. सरकार ने जम्मू में कार्यालय दोबारा खुलने के बाद कामकाज का समय भी निर्धारित किया है।
2. सिविल सचिवालय और परिसर में स्थित विभागाध्यक्षों के कार्यालय: सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
3. सिविल सचिवालय परिसर के बाहर स्थित और छह दिवसीय कार्य सप्ताह का पालन करने वाले स्थानांतरित विभागाध्यक्षों के कार्यालय: सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक।
4. सरकार के इस आदेश के साथ ही जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2026-27 के शीतकालीन दरबार मूव की तैयारियों को औपचारिक दिशा मिल गई है।
