विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शर्मनाक हार के करीब जम्मू-कश्मीर, रणजी ट्रॉफी के दूसरे दिन गिरे 14 विकेट; 3 दिन में खत्म हो सकता है मैच

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:46 PM (IST)

रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी विदर्भ के गेंदबाजों के सामने एक बार फिर धराशायी हो गई, जिससे मैच तीन दिन में समाप्त होने की संभावना बन गई है।

जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो, 3 खिलाड़ी खाता तक नहीं खोल सके (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो, 3 खिलाड़ी खाता तक नहीं खोल सके (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी दूसरे दिन पूरी तरह विफल रही।

  2. मैच के दूसरे दिन कुल 14 विकेट गिरे, गेंदबाजों का दबदबा।

  3. विदर्भ ने 45 रन की बढ़त ली, J&K हार के करीब।

जागरण संवाददाता, जम्मू। मेजबान जम्मू-कश्मीर की टीम और विदर्भ के बीच चार दिवसीय रणजी ट्राफी के एलीट ग्रुप ए का दूसरा मुकाबला तीन दिन में खत्म होने की संभावना बन गई है। एक बार फिर से जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों की पोल विदर्भ के गेंदबाजों ने पूरी तरह से खोलकर रख दी है। रणजी ट्राफी के दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के तीन बल्लेबाजों यावर हसन, उमरान मलिक और लोन नासिर को विदर्भ के गेंदबाजों ने बिना कोई खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया। कुल मिलाकर दूसरे दिन के मुकाबले में दोनों टीमों के कुल 14 विकेट गिरे हैं और आज का दिन पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा है।

श्रीनगर के शेर ए कश्मीर स्टेडियम में आज दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के पहली पारी के 82.5 ओवर में 260 रन के जवाब में विदर्भ की टीम ने बल्लेबाजी शुरू की और पूरी टीम की पारी 73 ओवर में 305 रन पर सिमटकर 45 रन की बढ़त हासिल कर ली।

विदर्भ की ओर से ओपनिंग करने मैदान में उतरे रविकुमार सामर्थ ने 202 गेंदों में 17 चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 143 रन बनाए जबकि हर्ष दुबे ने 14 व अमन मोखड़े ने 10 रनों का योगदान दिया। शेष कोई भी बल्लेबाज दो का भी आंकड़ा छू नहीं सका।

गेंदबाज उमर ने चटकाए चार विकेट 

जम्मू-कश्मीर की ओर से गेंदबाज उमर नजीर ने 19 ओवर में 56 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि सुनील कुमार ने भी सटीक गेंदबाजी की और 20 ओवर में 73 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उमरान मलिक और आबिद मुश्ताक एक-एक विकेट चटकाने में सफल रहे।

जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम की ओर से बल्लेबाजों ने निराशाजनक पारी की शुरूआत की और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने मात्र पांच ओवर में चार विकेट गंवाकर सात रन बना लिए हैं जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम अभी भी 38 रनों से पीछे हैं और छह विकेट गिरना शेष है।

3 बल्लेबाज खाता खोले बिना लौटे

जम्मू-कश्मीर की ओर से यावर हसन, उमरान मलिक और लोन नासिर को विदर्भ के गेंदबाजों ने खाता तक नहीं खोलने दिया। पहले पारी में 96 रन बनाने वाले कवलप्रीत दूसरी पारी में चार रन पर अपना विकेट गंवा बैठे। कामरान इकबाल और कप्तान पारस डोगरा नाबाद एक-एक रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।

पारस डोगरा-कामरान पर बड़ी जिम्मेदारी

अब पूरा दारोमदार कप्तान पारस और कामरान इकबाल के कंधों पर आकर टिक गया है। अब चार दिवसीय मुकाबला तीन दिन में संपन्न होने की प्रबल संभावना बन गई है। विदर्भ की ओर से नचिकेत भुते ने तीन ओवर में मात्र छह रन देकर तीन विकेट चटकाए हैं जबकि यश ठाकुर भी एक विकेट हासिल करने में सफल रहे हैं।