विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानी में उतरीं 3 सगी बहनें और कर दिया कमाल, जम्मू-कश्मीर के 4 तैराक एशियन तैराकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई

Published: Fri, 18 Sep 2026 01:44 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के चार तैराकों, जिनमें तीन बहनें शामिल हैं, ने 22वीं नेशनल मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मास्टर्स एशियन तैराकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

चारों तैराक स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ। फोटो- स्विमिंग एसोसिएशन।

चारों तैराक स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ। फोटो- स्विमिंग एसोसिएशन।

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर के चार तैराकों ने एशियन मास्टर्स के लिए क्वालीफाई किया।

  2. तीन बहनें और एक पुरुष तैराक भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  3. बेंगलुरु में 4 से 10 अक्टूबर तक होगी प्रतियोगिता।

जागरण संवाददाता, जम्मू। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की तीन बहनों सहित कुल चार तैराकों ने मास्टर्स एशियन तैराकी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

जम्मू-कश्मीर स्विमिंग एसोसिएशन ने 22वीं नेशनल मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेकर मास्टर्स एशियन तैराकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने वाली तैराकों को बधाई दी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनदीप सिंह सूदन और महासचिव भारत कुमार शर्मा ने सभी तैराकों उक्त प्रतियोगिता के दौरान उल्लेखनीय प्रदर्शन करने पर बधाई दी।

बबीता, बिंदू और किरण ने एशियन चैंपियनशिप का टिकट कटाया

जम्मू-कश्मीर की तीन सगी बहनों बबीता रानी, बिंदू पठानिया और किरण जम्वाल ने हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित 22वीं नेशनल मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। तीनों ने दूसरी मास्टर्स एशियन तैराकी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्वालीफाई किया है।

यह प्रतियोगिता 4 से 10 अक्टूबर तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित होने वाली है। इसके अतिरिक्त पुरुष प्रतिभागियों में भारत भूषण गुप्ता ने भी मास्टर्स एशियन प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

35 से 80 वर्ष तक के तैराकों ने पूल में दिखाया दम

जम्मू-कश्मीर के तैराकों ने 35 से 80 वर्ष की आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा की और क्वालीफाई किया, जिससे यह साबित होता है कि समर्पण, फिटनेस और खेल भावना उम्र की कोई सीमा नहीं जानते।

जम्मू-कश्मीर स्विमिंग एसोसिएशन ने आगामी मास्टर्स एशियन तैराकी प्रतियोगिता के लिए चारों तैराकों को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वे अपने प्रदर्शन से केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और भारत को गौरवान्वित करने में सफल रहेंगे।