जम्मू आने वाले पर्यटकों को लुभाने के लिए बाहुफोर्ट का होगा कायाकल्प
जेडीए का दावा है कि करीब छह महीने में इन कार्यो को जमीन पर उतरते देखा जा सकेगा।
जम्मू, अंचल सिंह। जम्मू में आने वाले पर्यटकों को लुभाने के लिए जम्मू विकास प्राधिकरण बाहुफोर्ट का कायाकल्प करने जा रहा है। बाहुफोर्ट में बावे माता मंदिर परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक जेडीए इलाके का सौंदर्यीकरण करेगा। इसमें लैंडस्कैङ्क्षपग के साथ बावे वाली माता मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण शामिल है। बावे वाली माता मंदिर में पर्यटकों को लुभाने के लिए जेडीए का प्रयास है कि यहां उन्हें पर्याप्त पार्किग सुविधा के साथ समय बिताने के लिए रोका जा सके। गेट के नजदीक पार्किग बनाने के साथ फव्वारे, लैंडस्कैपिंग, दीवारों पर सांस्कृतिक कलाकृतियां, जल स्नोत, शेर-बकरी तैयार करेगा।
श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों को जम्मू में आने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। बावे पहुंचते ही पर्यटक यहां बावे माता मंदिर जाना चाहेंगे। साथ ही केबल कार प्रोजेक्ट भी तैयार हो रहा है। जल्द ही इस गंडोला के शुरू होने से पर्यटकों का यहां आना-जाना बढ़ जाएगा। पर्यटक बावे माता के दर्शन के लिए भी रुकेंगे। जेडीए का दावा है कि करीब छह महीने में इन कार्यो को जमीन पर उतरते देखा जा सकेगा।
फ्लाईओवर की दीवारें लोगों को कर रहीं आकर्षित
जम्मू नगर निगम ने शहर के फ्लाईओवर के नीचे के खंभों पर चित्रकारी कर इसे आकर्षक बना दिया है। बिक्रम चौक फ्लाईओवर के नीचे करीब बीस पिलरों पर फिलहाल चित्रकारी की गई है। ऐसे ही निगम ने एशिया होटल के नजदीक दीवारों, ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह चौक, यूनिवर्सिटी रोड पर दीवारों पर कलाकृतियां बनाई हैं। जम्मू की संस्कृति से ओतप्रोत यह कलाकृतियां मंदिरों के शहर की खूबसूरती को चार चांद लगा रही हैं। इसी तर्ज पर बाहुफोर्ट क्षेत्र का भी सौंदर्यीकरण किया जाना है।
अमर सिंह क्लब की दीवारें भी बढ़ा रहीं हैं शोभा
बिक्रम चौक स्थित अमर सिंह क्लब की दीवारों पर उकेरी गई कलाकृतियां शाम ढलते ही लोगों के आकर्षण का केंद्र बन जाती हैं। इनके नीचे लगाई गई रंग-बिरंगी लाइटें जब इन पर पड़ती हैं तो यह दूर से चमकने लगती हैं। करीब आठ महीने से यह दीवारें सभी को अपनी ओर आकर्षित करती दिख रही हैं। सामाजिक जिम्मेदारी को निभाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों, कंपनियों से फंड लिया जा रहा है।
जल्द शुरू होगा साैंदर्यीकरण का काम
बाहुफोर्ट में बावे वाली माता मंदिर कांप्लेक्स और परिसर के सौंदर्यीकरण की परियोजना तैयार की गई है। मंदिर के बाहर पार्किग स्थल बनाने के अलावा फव्वारे लगाए जाएंगे। कलाकृतियां और लैंडस्कैपिंग से इलाके के खूबसूरती बढ़ाई जाएगी। यहां पर्यटकों को लुभाया जा सके, ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इनका काम शुरू कर दिया जाएगा। - विकास शर्मा, वाइस चेयरमैन, जम्मू विकास प्राधिकरण