विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू वालों के लिए बड़ी राहत! बस स्टैंड पार्किंग शुल्क 4000 से घटकर 2000 रुपये, दुकानदारों के लिए भी बदली व्यवस्था

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:31 AM (IST)

जम्मू बस स्टैंड स्थित जेडीए पार्किंग में चार पहिया वाहनों का मासिक शुल्क 4000 रुपये से घटाकर 2000 रुपये कर ...और पढ़ें

चार पहिया वाहनों के मासिक शुल्क को 4000 रुपये से घटाकर 2000 रुपये।(फाइल फोटो)

 चार पहिया वाहनों के मासिक शुल्क को 4000 रुपये से घटाकर 2000 रुपये।(फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेडीए पार्किंग में मासिक शुल्क 4000 से 2000 रुपये हुआ।

  2. दैनिक जागरण की मुहिम के बाद शुल्क में कमी।

  3. दुकानदारों को 12 घंटे के लिए मासिक पास की सुविधा।

दिनेश महाजन, जम्मू। जम्मू बस स्टैंड स्थित जेडीए पार्किंग में बढ़े पार्किंग शुल्क को लेकर दैनिक जागरण की मुहिम का असर हुआ है। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने मंगलवार को नोटिस जारी कर मासिक पार्किंग शुल्क में बदलाव की घोषणा की। इसके तहत चार पहिया वाहनों के मासिक शुल्क को 4000 रुपये से घटाकर अब 2000 रुपये कर दिया गया है।

इसके साथ, जेडीए ने दुकानदारों और व्यापारियों को भी राहत दी है। दिन के समय यानी 12 घंटे तक चार पहिया वाहन पार्क करने वाले दुकानदारों से अब बढ़ा हुआ शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्हें पहले की तरह मासिक पास जारी होंगे जिसकी फीस एक-दो दिन में निर्धारित कर दी जाएगी।

इसके लिए जेडीए ने बाजार एसोसिएशनों से दुकानदारों और होटल मालिकों के उन वाहनों की सूची उपलब्ध करवाने को कहा है, जो नियमित रूप से पार्किंग स्थल में खड़े होते हैं। सूची में वाहनों के नंबर और संबंधित वाहन मालिकों के मोबाइल नंबर देने होंगे। इसके आधार पर जेडीए मासिक पास तैयार कर संबंधित दुकानदारों को उपलब्ध करवाएगा।

पहले 2500 से बढ़ाकर किया था 4000 रुपये

बस स्टैंड पार्किंग में चार पहिया वाहनों का मासिक शुल्क पहले 2500 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 4000 रुपये कर दिया गया था। शुल्क में भारी वृद्धि के बाद व्यापारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसका विरोध किया था।

दैनिक जागरण ने भी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद जेडीए ने शुल्क की समीक्षा करते हुए अब इसे घटाकर 2000 रुपये करने का फैसला किया है।

दो और तीन पहिया वाहनों का शुल्क यथावत

जेडीए के अनुसार दो और तीन पहिया वाहनों के पार्किंग शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन वाहनों के लिए एक घंटे का शुल्क क्रमश: 10 और 15 रुपये रहेगा। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे के लिए पांच रुपये शुल्क देना होगा। हालांकि, आठ से 24 यात्रियों की क्षमता वाले चार पहिया वाहनों के मासिक पार्किंग शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ऐसे वाहनों के लिए मासिक शुल्क 4000 रुपये ही रहेगा। वहीं 24 सीट या उससे अधिक सीटों वाली गाड़ियों के लिए आठ हजार रुपये मासिक फीस रहेगी।