कश्मीर घाटी में आतंक के खिलाफ लड़ाई के नायकों को मिले अधिकतर वीरता पदक
मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए गए सैपर प्रकाश यादव शौर्य चक्र से सम्मानित किए मेजर विभूति शंकर व नायब सूबेदार सोमबीर सिंह जम्मू कश्मीर में आतंकवाद से लड़ रही राष्ट्रीय राइफल्स के वीर थे। उत्तरी कमान के इन तीनों वीरों ने आतंकियों को मार गिराते हुए शहादत पाई।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : पाकिस्तान की शह पर जम्मू कश्मीर में जारी आतंकवाद पर करारा आघात कर कुर्बानियां देने वाले वीरों ने दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाया। राष्ट्रपति की ओर से दिए गए कीर्ति, वीर व शौर्य चक्र में से अधिकतर जम्मू कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई के नायकों को मिले। दो कीर्ति चक्रों के साथ उत्तरी कमान के आठ सैन्यकर्मियों को शौर्य चक्र मिले। इस दौरान जम्मू कश्मीर व लद्दाख की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सेना की उत्तरी कमान के जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी को उत्तम युद्ध सेना मेडल से सम्मानित किया गया। वह कारगिल युद्ध में वीर चक्र जीत चुके हैं।
मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए गए सैपर प्रकाश यादव, शौर्य चक्र से सम्मानित किए मेजर विभूति शंकर व नायब सूबेदार सोमबीर सिंह जम्मू कश्मीर में आतंकवाद से लड़ रही राष्ट्रीय राइफल्स के वीर थे। उत्तरी कमान के इन तीनों वीरों ने आतंकियों को मार गिराते हुए शहादत पाई। सैपर प्रकाश यादव ने वर्ष 2018 में कश्मीर में दो आतंकियों को मार गिराते हुए शहादत दी थी। शौर्य चक्र से सम्मानित किए मेजर विभूति शंकर ने 18 फरवरी 2019 में केरिपुब के काफिले पर हमला करने वाले कई आतंकियों को मार गिराते शहादत पाई थी। वहीं, शौर्य चक्र विजेता नायब सूबेदार सोमबीर सिंह ने फरवरी 2019 में कुलगाम में आतंकियों से लोहा लेते शहादत पाई।
वहीं, राष्ट्रपति से र्कीति चक्र हासिल करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डिप्टी कमांडेंट हर्षपाल सिंह ने जम्मू जिले के बाहरी नगरोटा इलाके के पास झज्जर कोटली में वर्ष 2018 में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया था। ये आतंकी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कश्मीर जा रहे थे।
वहीं, शौर्य चक्र जीतने वाले अन्य छह वीरों में से कर्नल अजय सिंह कुशवाहा ने नवंबर 2018 में कश्मीर में हिजबुल के छह आतंकियों को मार गिराने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं नवंबर 2018 में ही मेजर महेश कुमार भूरे ने कश्मीर में छह आतंकियों को मार गिराने में मुख्य भूमिका निभाई। नायब सूबेदार नरेन्द्र ङ्क्षसह व नायक नरेश कुमार ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर आतंकियों को मार गिराया था। वहीं, हवलदार आलोक कुमार दुबे ने कश्मीर में एक आतंकी को मार गिराया था।
कश्मीर में बहादुरी दिखाने के लिए मरीन कमांडों को मिला शौर्य चक्र : जम्मू कश्मीर में आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करने की मुहिम में वीर चक्र से सम्मानित हुए जांबाज पायलट अभिनव वर्तमान के साथ शौर्य चक्र जीतने वाले नेवी के अमित सिंह राणा जैसे मरीन कमांडो भी शामिल हैं। अमित सिंह राणा ने कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ चले दो बड़े अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी। उत्तरी कश्मीर में हुई इन दोनों मुठभेड़ों के दौरान आठ आतंकियों को मार गिराया गया था। नेवी के मरीन कमांडो कश्मीर की वुल्लर झील में तैनात हैं।