स्मार्ट बन रहा जम्मू, पर क्या महफूज हैं महिलाएं? पिंक पेट्रोल गायब, पुराने बाजारों में कैमरों की कमी
जम्मू को स्मार्ट सिटी बनाने के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। शहर के व्यस्त बाजारों में ...और पढ़ें

स्मार्ट सिटी जम्मू में महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल। (फाइल फोटो)
HighLights
परेड चौक से पुरानी मंडी तक पुलिस गश्त का अभाव।
महिला सुरक्षा के लिए शुरू पिंक पेट्रोल वाहन गायब।
व्यस्त बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कमी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जमीनी स्तर पर कई सवाल कायम हैं। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में छेड़छाड़, झपटमारी और महिलाओं को परेशान करने की आशंका के बीच पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी जरूरी है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ महिलाओं और छात्राओं की मुश्किलें बढ़ा सकती है। दैनिक जागरण की पड़ताल में शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तो पुलिस गश्त, पिंक पेट्रोल और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता को लेकर कई कमियां सामने आईं।
परेड चौक और महिला कालेज के आसपास छात्राओं की आवाजाही रहती है। कालेज खुलने और छुट्टी होने के समय इन मार्गों पर भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की नियमित मौजूदगी और पैदल गश्त छात्राओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। पड़ताल के दौरान दोपहर में इन मार्गों पर पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती नजर नहीं आई।
राज तिलक रोड, पुरानी मंडी और आसपास के बाजारों में भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है। केवल शिकायत मिलने पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संवेदनशील स्थानों पर पहले से निगरानी रखना भी जरूरी है।
कहां गायब हुई पिंक पेट्रोल?
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए जम्मू पुलिस ने पिंक पेट्रोल वाहन शुरू किए थे। इनका उद्देश्य महिला कालेजों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखना तथा जरूरत पड़ने पर महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराना था।
शुरुआत में पिंक पेट्रोल शहर के विभिन्न महिला कालेजों के आसपास दिखाई देती थी, लेकिन पड़ताल के दौरान संबंधित क्षेत्रों में ये वाहन नजर नहीं आए। ऐसे में सवाल उठता है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई इस व्यवस्था की मौजूदा स्थिति क्या है? पिंक पेट्रोल की नियमित तैनाती सुनिश्चित करना जरूरी है।
व्यस्त बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की कमी
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने भारत माता चौक, परेड चौक, लाइब्रेरी चौक, विवेकानंद चौक, ज्वेल चौक और गुज्जर नगर सहित कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। हालांकि, पुरानी मंडी, राज तिलक रोड, मोती बाजार, पटेल बाजार, जैन बाजार, लिंक रोड, पीर मिट्ठा और राजेंद्र बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में सार्वजनिक कैमरों की उपलब्धता और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
इन बाजारों में आपराधिक वारदात होने पर पुलिस को कई बार दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों के कैमरों की फुटेज पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की जरूरत है।
