जम्मू में जाम से मिलेगी राहत, मुबारक मंडी में काम शुरू; परेड में बनेगी बहुमंजिला पार्किंग, जानें कब पूरा होगा काम
पुराने जम्मू को ट्रैफिक जाम और पार्किंग की किल्लत से निजात दिलाने के लिए मुबारक मंडी और परेड चौक पर ...और पढ़ें

जम्मू में ट्रैफिक जाम और पार्किंग संकट से मिलेगी राहत। (फाइल फोटो)
HighLights
मुबारक मंडी में बहुमंजिला पार्किंग का 23% कार्य पूर्ण।
परेड चौक पार्किंग परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली, डिजाइन जारी।
पुराने जम्मू को ट्रैफिक जाम और पार्किंग समस्या से मिलेगी मुक्ति।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के ऐतिहासिक पुराने शहर और प्रमुख व्यापारिक केंद्रों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और पार्किंग संकट से बड़ी राहत मिलने जा रही है। शहर के दो सबसे प्रमुख और व्यस्त स्थलों मुबारक मंडी हेरिटेज काम्प्लेक्स और परेड चौक में अत्याधुनिक बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण की दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।
जारी विधानसभा सत्र के दौरान जम्मू पूर्व से विधायक युद्धवीर सेठी द्वारा जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के आधिकारिक उत्तर में सरकार ने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत कार्ययोजना और वर्तमान प्रगति की जानकारी सदन के समक्ष रखी।
विधायक युद्धवीर सेठी द्वारा सदन में इस बुनियादी समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से ऐतिहासिक जम्मू शहर के स्वरूप को निखारने और आम नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।
मुबारक मंडी काम्प्लेक्स में पार्किंग
जम्मू पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक मुबारक मंडी काम्प्लेक्स में बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस पार्किंग परियोजना का कार्य 588 लाख रुपये की लागत से संबंधित निर्माण एजेंसी को आवंटित किया जा चुका है।
परियोजना स्थल पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अब तक करीब 23 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा कर लिया गया है। मुबारक मंडी डोगरा राजवंश की समृद्ध विरासत का प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। संकरी गलियों और उचित पार्किंग व्यवस्था के अभाव में अब तक सैलानियों के साथ-साथ पुराने शहर के स्थानीय निवासियों को भी अपने वाहन खड़े करने में भारी असुविधा झेलनी पड़ती थी।
इस बहुमंजिला पार्किंग के मूर्त रूप लेने से जहां ऐतिहासिक परिसर में आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधा मिलेगी, वहीं आसपास के घनी आबादी वाले मोहल्लों के निवासियों को अपने वाहनों की सुरक्षित पार्किंग के लिए स्थायी ठिकाना मिल जाएगा।
परेड के लिए मिली प्रशासनिक मंजूरी
शहर के सबसे व्यस्त और व्यापारिक दृष्टि से रीढ़ माने जाने वाले परेड क्षेत्र में दशकों पुरानी ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी सरकार ने बड़ा खाका खींचा है। परेड इलाके में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग परियोजना को औपचारिक रूप से प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
वर्तमान में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार करवाया जा रहा है ताकि सीमित भूमि पर अधिकतम वाहनों की क्षमता विकसित की जा सके। यह परियोजना परेड और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में क्रांतिकारी साबित होगी।
परेड जम्मू का प्रमुख शैक्षणिक, प्रशासनिक और व्यापारिक जंक्शन है, जहां पक्का डंगा, पुरानी मंडी, रघुनाथ बाजार और कनक मंडी जैसे बड़े बाजारों से रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है। दिनभर सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यह पूरा इलाका हर समय गंभीर जाम की चपेट में रहता है। परेड में आधुनिक पार्किंग बनने से न केवल सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग पर अंकुश लगेगा, बल्कि शहर के केंद्र में वाहनों का आवागमन पूरी तरह निर्बाध हो सकेगा।
