विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मदद के बदले होटल बुलाया, SPO भर्ती का दिया लालच; जम्मू में महिला की शिकायत पर सब-इंस्पेक्टर पर गिरी गाज

Published: Thu, 29 Oct 2026 04:02 PM (IST)

जम्मू में एसएसपी कार्यालय के सब इंस्पेक्टर चमन लाल को एक महिला से अनुचित व्यवहार के आरोप में निलंबित किया ...और पढ़ें

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. सब इंस्पेक्टर चमन लाल महिला से अनुचित व्यवहार के आरोप में निलंबित।

  2. महिला को शिकायत में मदद के बदले होटल में मिलने बुलाया।

  3. आईजीपी जम्मू ने 30 दिन में विभागीय जांच का आदेश दिया।

जागरण संवाददाता, जम्मू। एसएसपी जम्मू कार्यालय में तैनात सब इंस्पेक्टर चमन लाल को महिला से अनुचित व्यवहार करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

आरोप है कि सब इंस्पेक्टर ने अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला का मोबाइल नंबर हासिल किया और बाद में उससे संपर्क कर शिकायत में मदद करने के बदले होटल में मिलने के लिए बुलाया। महिला की शिकायत पर आईजीपी जम्मू तजिंदर सिंह ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

महिला किसी मामले में अपनी शिकायत लेकर जिला पुलिस प्रमुख के कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान वहां तैनात सब इंस्पेक्टर चमन लाल ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

शिकायत के नाम पर अनुचित व्यवहार किया

आरोप है कि इसके बाद सब इंस्पेक्टर ने महिला से मोबाइल फोन पर संपर्क करना शुरू कर दिया। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसकी शिकायत के मामले में मदद कर सकता है। इसके बदले उसने महिला को होटल में मिलने के लिए बुलाया।

इतना ही नहीं, आरोप है कि सब इंस्पेक्टर ने बातचीत के दौरान महिला को उसके कुछ करीबी लोगों की जिला पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के तौर पर भर्ती करवाने का भी लालच दिया।

महिला ने सब इंस्पेक्टर की ओर से सोशल नेटवर्किंग साइट के माध्यम से भेजे गए कथित संदेशों के स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए। इसके बाद वह सीधे आईजीपी जम्मू तजिंदर सिंह के पास पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की।

30 दिन में पूरी होगी जांच

आईजीपी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए सब इंस्पेक्टर चमन लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और मामले की विभागीय जांच करवाने के आदेश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच 30 दिनों के भीतर पूरी की जाए।

अब विभागीय जांच में महिला के आरोपों और मोबाइल पर भेजे गए कथित संदेशों की सच्चाई का पता लगाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।