Jammu Srinagar Highway: जम्मू-श्रीनगर हाइवे खुला, घाटी रवाना हुए छोटे वाहन, मरम्मत के लिए 2 दिन से बंद था हाईवे
वाहनों को ऊधमपुर में रोके जाने के कारण ऊधमपुर में 1372 वाहन रेलवे रोड़ गोल मेला फ्लाटा बाईपास टीकरी के सलोरा मनवाल मजालता जखैनी चिनैनी और कुद सहित अन्य स्थानों पर रोके गए थे। इसी तरह से रामबन जिला में भी एक हजार के करीब वाहन को रोका गया है।
ऊधमपुर, जागरण संवाददाता: मरम्मत कार्य के लिए बंद किया गया जम्मू-श्रीनगर हाइवे आज खोल दिया गया। फिलहाल 250 वाहनों को ऊधमपुर से श्रीनगर की ओर भेजा गया है। अभी भी एक हजार से अधिक वाहन ऊधमपुर-जम्मू हाईवे पर रोके गए हैं। वीरवार से रोके गए वाहनों को घाटी की ओर जाने की अनुमति न मिलने से चालक काफी परेशान हैं। वहीं ट्रैफिक विभाग का कहना है कि कश्मीर से जम्मू की ओर आने वाले दरबार मूव के काफिले की वजह से ऐसा किया गया है। जल्द ही अन्य वाहनों को भी जाने की अनुमति दे दी जाएगी।
आपको जानकारी हो कि 16 अक्तूबर से 30 नवंबर तक हर शुक्रवार को जम्मू श्रीनगर को रखरखाव और मरम्मत के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। 16 अक्तूबर शुक्रवार को पहली बार बंद रखे जाने के बाद गत शुक्रवार को भी हाईवे वाहनों की आवाजाही के बंद रखा गया था। इसके चलते वीरवार रात साढ़े नौ बजे के बाद घाटी जाने वाले किसी भी वाहन को नहीं छोड़ा गया। शुक्रवार को वाहनों को ऊधमपुर में रोके जाने के कारण ऊधमपुर में 1372 वाहन रेलवे रोड़, गोल मेला फ्लाटा बाईपास, टीकरी के सलोरा, मनवाल, मजालता, जखैनी, चिनैनी, और कुद सहित अन्य स्थानों पर रोके गए थे। इसी तरह से रामबन जिला में भी विभिन्न स्थानों पर घाटी जाने वाले एक हजार के करीब वाहन को रोका गया है।
शुक्रवार को हाईवे बंद रखे जाने के दौरान विभिन्न स्थानों पर रखरखाव और मरम्मत का काम तो पूरा कर लिया गया। मगर इसके बावजूद वीरवार से रोके गए घाटी जाने वाले सभी वाहनों को नहीं छोड़ा गया। इस बारे में डीएसपी ट्रैफिक हिम्मत सिंह ने बताया कि शनिवार को श्रीनगर से दरबार मूव का काफिला जम्मू के लिए निकला है। वाहनों को छोड़ने से काफिले के वाहन जाम में फंस सकते हैं। इसलिए जिसके चलते उच्चाधिकारियों ने काफिले का अंतिम वाहन गुजर ऊधमपुर में रोके गए 70 के करीब यात्री वाहनों को जखैनी से आगे जाने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही सुबह से नियंत्रित तरीके से धीरे धीर कर जखैनी, गोल मेला और मनवाल में रोके गए ढाई के करीहब ट्रकों को भी निकाला गया है। उम्मीद है कि दरबार मूव काफिले की टेल (अंतिम वाहन) दोपहर बाद ऊधमपुर से गुजर जाएगा। जिसके बाद रोके गए घाटी जाने वाले शेष वाहनों को भी रवाना कर दिया जाएगा।