Jammu Kashmir Weather: जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दूसरे दिन भी निकाली गई फंसी गाड़ियां, कल फिर बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीगनर से मिली जानकारी अनुसार जम्मू में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं कश्मीर और लेह में बादल छाए रहेंगे। कल बारिश की संभावना के बाद 10 तक मौसम शुष्क रहेगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हुई मध्यम से हल्की बारिश के बाद शनिवार सुबह से ही मौसम साफ बना हुआ है। मौसम साफ रहने की वजह से जम्मू-श्रीनगर हाईवे दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रहा। ट्रैफिक विभाग ने फिलहाल हाइवे पर नए कमर्शियल वाहनों के उतरने पर पाबंदी लगा रही है। अभी जम्मू व श्रीनगर में हाईवे पर फंसे हुए वाहनों को निकाला जा रहा है। यह सिलसिला आज पूरा दिन चल सकता है। नए वाहनों को रविवार को ही हाईवे पर उतरने की इजाजत दी जा सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कल यानी रविवार को फिर बारिश की संभावना बनी हुई है।इसके चलते ट्रैफिक विभाग को पहले से ही अलर्ट कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार गत वीरवार देर रात को हुई बारिश के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जिला रामबन के पंथियाल इलाके में भूस्खलन के बाद हाइवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। शुक्रवार दोपहर बाद हाईवे पर मलवा हटते ही फंसे हुए वाहनों को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। रात को एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही फिर बंद कर दी गई। आज सुबह एक बार फिर बारी-बारी से जम्मू से श्रीनगर व श्रीगनर से जम्मू के लिए वाहनों को छोड़ा गया।
ट्रैफिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता हाईवे पर फंसे वाहनों को निकालना है। काफी वाहन निकाले जा चुके हैं। आज देर शाम या फिर रविवार सुबह से ही नए वाहनों को हाइवे पर उतरने की इजाजत दी जाएगी। फिलहाल हाइवे साफ है।
कल बारिश की संभावना, फिर 10 सितंबर तक शुष्क रहेगा मौसम
पिछले 24 घंटों में कटड़ा में सबसे ज्यादा 15.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। गुलमर्ग में 10.6 एमएम बारिश हुई। जम्मू में 8.8, बनिहाल में 3.6, बटोत में 2.8, भद्रवाह में 4.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। श्रीनगर में 1.7, काजीगुंड में 4.2, पहलगाम में 9.4, कुपवाड़ा में 2.8, कुकरनाग में 4.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। लेह और कारगिल में हल्की बूंदाबांदी हुई।
पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह शाम हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। जम्मू में अधिकतम तापमान 28.1, न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बनिहाल का अधिकतम तापतान 21.0, न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 20.8, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 17.2, न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 13.4, न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 25.6, न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीगनर से मिली जानकारी अनुसार जम्मू में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं कश्मीर और लेह में बादल छाए रहेंगे। कल बारिश की संभावना के बाद 10 सितंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।