Move to Jagran APP

बर्फ में दबे अंतिम पुलिसकर्मी का शव भी बरामद, 42 घंटे चला अभियान समाप्त

जागरण न्यूज नेटवर्क, जम्मू : जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जवाहर सुरंग के पास हिमस्खलन में पुलिस पोस्ट

By JagranEdited By: Published: Sun, 10 Feb 2019 09:46 AM (IST)Updated: Sun, 10 Feb 2019 09:46 AM (IST)
बर्फ में दबे अंतिम पुलिसकर्मी का शव भी बरामद, 42 घंटे चला अभियान समाप्त
बर्फ में दबे अंतिम पुलिसकर्मी का शव भी बरामद, 42 घंटे चला अभियान समाप्त

जागरण न्यूज नेटवर्क, जम्मू : जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जवाहर सुरंग के पास हिमस्खलन में पुलिस पोस्ट के साथ दबे पुलिसकर्मियों को बचाने का अभियान शनिवार दोपहर सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल का शव मिलने के साथ ही समाप्त हो गया। यह राहत अभियान 42 घंटे चला। इस त्रासदी में छह पुलिसकर्मियों सहित आठ लोगों की मौत व 13 जवानों को बचा लिया गया।

loksabha election banner

जवाहर सुरंग के पास वीरवार शाम करीब साढ़े छह बजे पहाड़ से बर्फ के बड़े-बड़े तोदे गिरने से पुलिस चौकी दब गई थी। चौकी में मौजूद 19 पुलिसकर्मियों व दो आरोपियों सहित 21 लोग बर्फ में दब गए थे। इसके बाद बचावकर्मियों ने बड़े पैमाने पर खोजी कुत्तों व सेंसरों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। दस पुलिसकर्मियों को पहले दिन ही बचा लिया गया। 11 लोगों की तलाश में गत शुक्रवार को भी दिनभर अभियान चला और तीन और जवानों को बचा लिया गया। इसके साथ ही पांच पुलिसकर्मियों व दो नागरिकों सहित सात के शव बरामद कर लिए गए। अनंतनाग के जिला उपायुक्त मोहम्मद यूनिस ने बताया कि सुबह सूर्याेदय के बाद लापता सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल परवेज निवासी गांदरबल की तलाश में शनिवार को फिर अभियान चलाया गया और करीब साढ़े दस बजे उसका शव बरामद कर लिया गया। करीब बारह बजे अभियान समाप्त कर दिया गया। राज्यपाल ने पांच-पांच लाख मुआवजा देने का एलान किया :

राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राज्य में बीते तीन में हिमपात, बारिश व भूस्खलन के दौरान 14 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। बर्फ में दबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत :

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में घर की छत से गिरी बर्फ के नीचे दबने से सात वर्षीय बच्चे की जान चली गई। घटना के समय बच्चा प्रांगण में खेल रहा था। मृतक की पहचान इरफान अहमद खान पुत्र गुलाम हसन निवासी चहर-सोपोर के रूप में हुई है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे चौथे दिन भी बंद, शाम को फिर भूस्खलन :

युद्धस्तर पर जारी कार्य के बावजूद शनिवार चौथे दिन भी जम्मू-श्रीनगर हाईवे नहीं खुला। सुबह करीब छह बजे कैफेटेरिया मोड़ पर भूस्खलन हुआ। अभी वहां मलबा हटाया ही जा रहा था कि साढ़े सात बजे बजे पीड़ा में भूस्खलन हो गया। इससे मिट्टी व कीचड़ सड़क पर आ गया। इसकी चपेट में आने से सड़क पर खड़ा ट्वेरा वाहन सड़क के किनारे जा पहुंचा, लेकिन खाई में गिरने से बच गया। वहीं अनोखी फॉल, डिगडोल, बैटरी चश्मा में और भूस्खलन हुआ। इसके साथ कुछ अन्य स्थानों पर भी छोटे मोटे भूस्खलन होते रहे। करीब दर्जन भर स्थानों पर मलबा हटाकर शाम तक रामबन से पंतिहाल तक एकतरफा वाहनों के लिए रास्ता बना दिया गया था। मगर इसके थोड़ी ही देर बाद पंतिहाल क्षेत्र में कीचड़ और पत्थर युक्त मलबे का पहाड़ सड़क पर आ गया। इससे पंतिहाल में मलबे का कई फुट ऊंचा ढेर लग गया। इसके साथ ही पहाड़ों से पत्थर भी गिरना शुरू हो गए। कुछ देर बाद मंकी मोड़ में भी भूस्खलन होने से काफी मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए। डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि पहाड़ों से गिरते पत्थर और अंधेरा होने के कारण मलबा हटाने का काम रोक दिया गया है। रविवार को फिर मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। रसद लेकर कश्मीर जा रहे 2000 ट्रक रास्ते में फंसे :

जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने से कश्मीर में आवश्यक वस्तुएं लेकर जा रहे करीब 2000 ट्रक रास्ते में फंसे हुए हैं। इससे वादी में आवश्यक वस्तुओं विशेषकर खाद्य पदार्थों की कमी होने लगी है। वहीं जम्मू में फंसे सब्जियों व अन्य सामान से लदे ट्रक चालक ओने-पौने दाम पर सामान बेचने को मजबूर हो गए हैं। उनका मानना है कि यदि दो दिन और हाईवे नहीं खुला तो ट्रक में लदा सामान खराब हो जाएगा। वहीं रास्ता बंद होने से जम्मू व श्रीनगर में फंसे यात्री भी हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। शीतलहर का प्रकोप जारी :

दो दिन भारी बर्फबारी और बारिश के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी राज्य में मौसम साफ रहा। धूप खिली रही, लेकिन शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। वादी में सड़कों पर पड़ी बर्फ जमने के कारण न केवल वाहन चालकों बल्कि पैदल चलने वालों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बर्फबारी से प्रभावित बिजली, पानी व संचार सेवा ठीक होने लगी है। कहां कितना तापमान

अधिकतम न्यूनतम

जम्मू 19.5 4.0

बनिहाल 7.5 1.4

बटोत 8.7 -1.6

कटड़ा 17.9 4.8

भद्रवाह 9.2 -4.4

श्रीनगर 8.5 -5.7

गुलमर्ग 2.3 -14.4

काजीगुंड 7.6 -9.0

पहलगांव 4.2 -12.7

कुपवाडा 10.2 -7.4

लेह 3.2 -15.0

कारिगल 0.8 -19.4

13 से फिर बर्फबारी की संभावना :

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार, रविवार को कश्मीर में बादल छाए रहेंगे, जबकि जम्मू में मौसम साफ रहेगा। हालांकि पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते 13 फरवरी से वादी में फिर से बर्फबारी की संभावना है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.