Jammu-Srinagar Highway Open: जम्मू-श्रीनगर हाईवे खुला, फंसे हुए वाहनों को निकाल रहा ट्रैफिक विभाग
Jammu Srinagar Highway दोनों ओर वाहन फंसे हुए हैं। ट्रैफिक विभाग के अनुसार भूस्खलन के कारण सड़क पर गिरा मलवा लगभग हटा दिया गया है। बर्फ को हटाने के लिए भी मशीनें पहुंच गई हैं। बर्फबारी बंद होते ही उसे हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रविवार शाम को बारिश के बाद हुए भूस्खलन और जवाहर टनल पर हुई बर्फबारी के कारण बंद हुआ हाईवे आज सुबह वाहनों के लिए खोल दिया गया। ट्रैफिक विभाग के अनुसार जिला रामबन के चंद्रकोट व बनिहाल के नजदीक रविवार शाम को भूस्खलन होने के बाद वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी। वहीं उसके बाद बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। जवाहर टनल के दोनों और बर्फ पड़ने के कारण वाहनों को सड़क किनारे ही रोक दिया गया। आज पीडब्ल्यूडी, नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने मशीनों की मदद से सुबह मलवा व बर्फ को हटा दिया। जिसके बाद वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार सबसे पहले रविवार सुबह चंद्रकोट में भूस्खलन हुआ जिसके कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर घंटों वाहनों की आवाजाही बंद रही। शाम को मलवा हटने के बाद जैसे ही वाहनों की आवाजाही बहाल की गई। बारिश शुरू हो गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईवे पर वाहनो की आवाजाही को बंद कर दिया गया। इसके बाद जवाहर टनल पर बर्फबारी भी शुरू हो गई जो रात तक जारी रही। बर्फबारी व बारिश बंद होते ही संबंधित विभागों के कर्मचारी मशीनों की मदद से मलवे व बर्फ को हटाने के काम में जुट गए।
अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे के करीब हाईवे मलवा व बर्फ को हटाने का काम पूरा कर लिया गया और नौ बजे के करीब वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल हाईवे पर फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। फंसे हुए वाहनों के सुरक्षित निकलते तक ऊधमपुर के जखैनी और जम्मू के नगरोटा क्षेत्र में घाटी जाने वाले वाहनों को रोक गया है। हाईवे क्लीयर होने के बाद ही दूसरे वाहनों को सड़कों पर उतरने की इजाजत दी जाएगी।
वहीं ट्रैफिक विभाग के अनुसार बर्फबारी के कारण पुंछ से घाटी को जोड़ने वाला ऐतिहासिक मुगल रोड मार्ग और श्रीनगर-लेह मार्ग भी वाहनों के लिए बंद है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भी अभी एक तरफा वाहनों को छोड़ा जा रहा है।