Jammu-Srinagar Highway: ताजा बर्फबारी व भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद, 1500 वाहन फंसे
वहीं मुगल रोड पर लगातार दो दिनों से हो रही बर्फबारी की वजह से सड़क पर काफी बर्फ इकट्ठा हो गई है। प्रशासन ने बर्फबारी जारी रहने की वजह से अभी बर्फ हटाने का काम शुरू नहीं किया है। यही स्थिति श्रीनगर-लेह मार्ग की भी है।
जम्मू, जेएनएन। कश्मीर घाटी आज सड़क यातायात के माध्यम से देश से कट गई। मुगल रोड और श्रीनगर-लेह मार्ग जहां गत सोमवार को हुई ताजा बर्फबारी के बाद बंद हो गया था वहीं आज सुबह जवाहर टनल पर हुई बर्फबारी और जिला रामबन में हुए भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। ट्रैफिक विभाग के अनुसार हाईवे बंद होने के कारण करीब 1500 वाहन जम्मू व श्रीनगर हाईवे पर फंस गए हैं।
जम्मू संभाग व कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं नीचले इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है। देर रात जवाहर टनल पर भी बर्फबारी हुई है जबकि जिला रामबन में बारिश के दौरान हुए भूस्खलन के बाद पहाड़ी से काफी मलवा हाईवे पर जमा हो गया है। ट्रैफिक विभाग ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। सूचना के बाद जिला ऊधमपुर, नगरोटा में श्रीनगर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। विभाग का कहना है कि मलवा हटाने का काम जारी है। वहीं जवाहर टनल पर बर्फ भी हटाई जा रही है। हाईवे साफ होते ही वाहनों की आवाजाही को फिर से सुचारू कर दिया जाएगा।
वहीं मुगल रोड पर लगातार दो दिनों से हो रही बर्फबारी की वजह से सड़क पर काफी बर्फ इकट्ठा हो गई है। प्रशासन ने बर्फबारी जारी रहने की वजह से अभी बर्फ हटाने का काम शुरू नहीं किया है। यही स्थिति श्रीनगर-लेह मार्ग की भी है। जोजिला मार्ग व उसके साथ लगते ऊंचाई वाले इलाकों में काफी बर्फबारी हो रही है। लेह जाने वाले वाहनों को श्रीनगर में ही रोक दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बर्फबारी व बारिश का यह सिलसिला अभी 25 नवंबर तक बना रहेगा। इसके बाद मौसम में सुधार होना शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग ने इस संबंध में मौसम की चेतावनी भी जारी की है। कश्मीर संभाग के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी के साथ उन्होंने प्रशासन व लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जम्मू, कश्मीर, सोनमर्ग, द्रास के कुछ स्थानों पर भारी मात्रा में बर्फ गिरने की सूचना है।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की-रिसॉर्ट में रात के दौरान चार इंच ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि पहलगाम में 10 सेमी बर्फ गिरी है। घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश भी हो रही है। पीरपंजाल पर्वतीय श्रृंखला, गुलमर्ग, रामबन-बनिहाल, शोपियां, पुंछ-राजौरी और जोजिला में आज और कल अच्छी बर्फबारी और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि आज सुबह ताजा बर्फबारी होने के कारण राजमार्ग पर यातायात स्थगित कर दिया गया। द्रास, सोनमर्ग में कुछ इंच और ज़ोजिला में लगभग आठ इंच बर्फबारी दर्ज की गई। सड़क पर बहुत फिसलन हो गई है। हिमस्खलन का खतरा भी है। बर्फबारी बंद होने पर इसे हटाने का काम शुरू किया जाएगा।