जम्मू में जलभराव से मिलेगी मुक्ति, JMC ने 121 करोड़ से 32 बड़े नालों को चौड़ा करने का छेड़ा अभियान
जम्मू नगर निगम ने आगामी मानसून में जलभराव रोकने के लिए 121 करोड़ रुपये की लागत से 32 प्रमुख नालों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है।
-1788945871613_m.webp)
जम्मू में जलभराव से मिलेगी मुक्ति।
HighLights
जम्मू में मानसून जलभराव रोकने की तैयारी शुरू।
121 करोड़ से 32 प्रमुख नालों का जीर्णोद्धार।
सड़कों और घरों में पानी घुसने से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू शहर को आगामी मानसून में भीषण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से बचाने के लिए जम्मू नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बरसात का दौर थमते ही निगम ने शहर के विभिन्न वार्डों में नालों के जीर्णोद्धार, किनारों को पक्का करने और सुरक्षा दीवारें खड़ी करने की मुहिम छेड़ दी है।
राज्यों को पूंजीगत निवेश के लिए ब्याज मुक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली केंद्र सरकार की सासकी योजना के तहत 121 करोड़ रुपये से जम्मू शहर के कुल 32 प्रमुख नालों का कायाकल्प किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में पानी जमा न हो।
हर साल बरसात के दौरान विभिन्न स्थानों पर नाले ओवरफ्लो होते हैं। लाेगों के घरों में पानी घुसता है और लाखों रुपये का नुकसान होता है। ज्यादातर निचले क्षेत्रों में यह नाले बर्बादी करते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगली बरसात से पहले यह सभी नाले बनकर तैयार हो चुके हैं और फिर जलभराव नहीं होगा।
चौड़े और गहरे किए जा रहे नाले
निगम की योजना के तहत नालों की क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें गहरा और चौड़ा करने का काम चल रहा है। कई संवेदनशील इलाकों में पानी के तेज बहाव से मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए नालों के दोनों ओर मजबूत सुरक्षा दीवारें और क्रेट्स लगाए जा रहे हैं।
अधिकारियों का दावा है कि इन बुनियादी ढांचागत सुधारों के पूरा होते ही शहर की ड्रेनेज प्रणाली पूरी तरह बदल जाएगी और लोगों को सालों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
इन प्रमुख इलाकों में जारी है निर्माण कार्य
वार्ड नंबर 68 स्थित जल्लो चक की एससी बस्ती में नाले के अपग्रेडेशन और पुनरुद्धार का काम तेजी से चल रहा है। इसी वार्ड में पुलिस चौकी से लेकर रायल पार्क रिजार्ट के नजदीक नाले के दोनों तरफ सुरक्षा दीवारें और क्रेट्स डालने की प्रक्रिया जारी है।
वहीं बठिंडी क्षेत्र की फातिमा मस्जिद तुलजोहरा की लेन नंबर 7 व 8 और असराराबाद में नालों की मरम्मत व सुरक्षा दीवारें बनाई जा रही हैं। इसके अलावा गाड़ीगढ़ में एसडीएम कार्यालय व गौशाला के पास, रूपनगर, तोप शेरखानियां तथा बन तालाब में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के निकट स्थित नालों का जीर्णोद्धार युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। नानक नगर में भी काम शुरू किया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
जम्मू नगर निगम के अधिकारी डा. देवांश यादव ने बताया कि सासकी प्रोजेक्ट के अंतर्गत 121 लाख रुपये की लागत से 32 नालों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया है। निगम का मुख्य उद्देश्य अगली बरसात से पहले शहर के पूरे ड्रेनेज नेटवर्क को सुदृढ़ करना है, ताकि नागरिकों को जलभराव की परेशानी से निजात मिल सके।
