विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में भूमि दिलाने और बीमार पति का इलाज कराने के नाम पर धोखाधड़ी, 40 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज

By Dinesh Mahajan Edited By: Rahul Sharma
Published: Fri, 13 Mar 2026 01:28 PM (IST)

जम्मू में एक महिला ने मंजीत बाबा पर जमीन दिलाने और बीमार पति के इलाज के बहाने 40 लाख रुपये ...और पढ़ें

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपित पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपित पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज।

HighLights

  1. महिला से जमीन और पति के इलाज के नाम पर ठगी।

  2. आरोपी मंजीत बाबा ने 40 लाख रुपये हड़पे।

  3. आरोपी पर पहले भी कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज।

जागरण संवाददाता, जम्मू। भूमि दिलाने और बीमार पति का इलाज कराने का झांसा देकर 40 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत मिलने के बाद दोमाना थाने में आरोपित के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत में सुभाष नगर निवासी सोनिया देवी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में उन्होंने मंजीत बाबा उर्फ शेरा बाबा निवासी लोअर ठठर (गैस एजेंसी के पास), जम्मू के झांसे में आकर उसे अलग-अलग तिथियों पर कुल 40 लाख रुपये नकद दिए थे।

बैंक से लिया गया ऋण अभी भी जारी

आरोपित ने उन्हें जमीन दिलाने और उनके बीमार पति के इलाज में मदद करने का भरोसा दिलाया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने यह रकम जम्मू-कश्मीर बैंक से ऋण लेकर और अपनी निजी बचत से जुटाई थी। बैंक से लिया गया ऋण अभी भी जारी है और उसकी मासिक किस्तें उनके खाते से कट रही हैं।

महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपित ने कई बार रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह उनसे बचने लगा और अपने वादे पूरे नहीं किए।जब भी उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपित ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

एसएचओ दोमाना वरुणेश्वर सिंह ने बताया कि मंजीत बाबा पर इस प्रकार धोखाधड़ी करने का यह चौथा मामला दर्ज हुआ है। इसके अलावा जानीपुर पुलिस थाने में भी उस पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। हाल ही में दोमाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था।