जम्मू-कश्मीर की वुशु टीम जूनियर नेशनल चैंपियनिशप में तीसरे स्थान पर रही
चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर की टीम ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक तीसरा स्थान पाया। हरियाणा की टीम आठ स्वर्ण दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर पहले स्थान पर रही। मणिपुर की टीम ने दो स्वर्ण एक रजत और दो कांस्य पदक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की टीम लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर में आयोजित 20वीं जूनियर नेशनल वुशु प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर तीसरा स्थान हासिल किया है। यह लगातार दूसरा मौका है जब जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरी बार तीसरा स्थान पाया है।
जम्मू-कश्मीर की ओर से सादिया तारिक और अनसा चिश्ती ने स्वर्ण पदक जीते
चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर की टीम ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक तीसरा स्थान पाया। हरियाणा की टीम आठ स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर पहले स्थान पर रही। मणिपुर की टीम ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर की ओर से सादिया तारिक और अनसा चिश्ती ने 48 किलोग्राम और 52 किलोग्राम से नीचे के भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। सादिया ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता है जबकि अनसा चिश्ती गत वर्ष रजत पदक जीत चुकी है। चैंपियनशिप के समापन अवसर पर वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह बाजवा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विभिन्न वर्गों के पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रदेश में वुशु की नेशनल एकेडमी खोलने की मांग
इसी बीच वुशु एसोसिएशन ऑफ जम्मू-कश्मीर के चीफ पैटरन योगेश साहनी ने सभी को इस शानदार उपलब्धि के लिए मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी और कोच इसके लिए बधाई के पात्र हैं। वुशु एसोसिएशन ऑफ जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष विजय सराफ ने प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से प्रदेश में वुशु की नेशनल एकेडमी खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई होनकार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान रंजीत कालरा ने भी खिलाड़ियाें को मुबारकबाद देते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों के कल्याण हेतु खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार से सहयोग की अपील की है।