Kashmir: सोपोर में सोशल मीडिया पर फर्जी एकाउंट बनाकर देश विरोधी गतिविधियां चलाने वाला गिरफ्तार
सोशल मीडिया के जरिए ये राष्ट्र विरोधी तत्व राज्य विरोधी माहौल बनाने और सुरक्षाबलों की छवि गिराने का प्रयास कर रहे थे।
श्रीनगर, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तर कश्मीर के सोपोर से एक युवक को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर देश विरोधी गतिविधियां चला रहा था। पुलिस ने बेमिना श्रीनगर के एक व्यापारी की शिकायत के आधार पर इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फर्जी अकाउंट चलाने वाले युवक की पहचान रईस के तौर पर हुई है। सोपोर के ब्रथ कलां इलाके का रहने वाले रसई ने कुछ दिन पहले अपने फेसबुक अकाउंट पर अबू हुजैफ (गुजरांवाला पाकिस्तान से होने का दावा करते हुए) एक वीडियो अपलोड किया। जिस व्यक्ति की तस्वीर वीडियो में दिखाई गई, वह बेमिना श्रीनगर का एक बहुत प्रतिष्ठित व्यवसायी है।व्यापारी तक जब यह बात पहुंची तो उसने पाया कि उसका नाम एक राजनीतिक पार्टी के साथ जोड़कर उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया गया है।
व्यवसायी ने उक्त फेसबुक अकाउंट को चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सोपोर पुलिस से संपर्क किया। सोपोर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया और जम्मू कश्मीर पुलिस की श्रीनगर साइबर विंग की सहायता से, उस व्यक्ति को ढूंढना शुरू कर दिया जिसने फेसबुक अकाउंट से धमकी भरा वीडियो अपलोड किया था।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब वह पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस ने ऐसे कई खातों और व्यक्तियों की पहचान की है जो सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए ये राष्ट्र विरोधी तत्व राज्य विरोधी माहौल बनाने और सुरक्षाबलों की छवि गिराने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने एक बार फिर ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाते हैं, वे एंटी स्टेट प्रोपेगेंडा चलाने और फर्जी सूचना फैलाने के लिए जिम्मेदार होंगे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का साइबर विंग लगातार उनकी पहचान कर रहा है। गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।