Jammu Kashmir Municipal Corporation: गंग्याल में शुरू करवाया गली का निर्माण, लोग उत्साहित
Jammu Municipal Corporation भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में वह कोशिश करते रहते हैं कि जम्मू शहर की हर वार्ड हर मोहल्ले और गली तक पहुंचें और जहां तक हो सकें लोगों को विकास कार्य देकर उन्हें राहत प्रदान करें।
जम्मू, जागरण संवाददाता : नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव सिंह बलोरिया ने विकास को गति देते हुए वार्ड 56, गंग्याल के सेक्टर-3 में गली व नाली का निर्माण कार्य शुरू करवाया। इस मौके पर बलोरिया ने कहा कि नगर निगम चुनाव के पूर्व में लोगों से जो भी वादा किया था, उसे लगातार पूरा किया जा रहा है। आज तक गंग्याल में जो भी विकास कार्य छूट गए थे, वह उन्हें पूरा करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
बलोरिया ने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार की प्रतिस्पर्धा होती थी। जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तब से विकास की प्रतिस्पर्धा हो रही है। केंद्र की मोदी सरकार निरंतर लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए काम कर रही है। भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में वह कोशिश करते रहते हैं कि जम्मू शहर की हर वार्ड, हर मोहल्ले और गली तक पहुंचें और जहां तक हो सकें लोगों को विकास कार्य देकर उन्हें राहत प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि जम्मू के लोगों ने जिस प्रकार से जिला परिषद चुनावों में भाजपा पार्टी पर विश्वास दिखाया है, एक बार फिर से लोगों को आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा का समर्थन करना है ताकि केंद्र में मोदी सरकार द्वारा विकास और जनकल्याण योजनाओं का निरंतर लाभ जम्मू-कश्मीर की जनता को मिलता रहे। बलोरिया ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम अपने विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएंगे।
काम के आधार पर लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू नगर निगम लोगों को हर प्रकार की बुनियादी सुविधा देने के लिए हर स्तर पर कार्य कर रहा है। इस मौके पर रंजीत सिंह, अभिनंदन शर्मा, दुर्गा चौधरी, ओम नाथ, जुगल किशोर, पंडित राजकुमार, डॉ खरू, हरदीप सिंह, मुल्ख राज, अशोक पंडिता, हरविंदर सिंह, डॉ सनी धर भी मौजूद थे।