विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लू के थपेड़ों के बीच जम्मू संभाग बेहाल, कश्मीर में भी गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, मौसम विभाग बोला- '21 मई से बदलेगा मिजाज'

By Ashok Sharma Edited By: Rahul Sharma
Published: Thu, 21 May 2026 07:15 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां जम्मू में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है ...और पढ़ें

मौसम विभाग ने जताई संभावना 21 मई को दिन में झुलसाती गर्मी और शाम को आंधी-बारिश-ओले।

मौसम विभाग ने जताई संभावना 21 मई को दिन में झुलसाती गर्मी और शाम को आंधी-बारिश-ओले।

HighLights

  1. जम्मू में लगातार चौथे दिन 40 डिग्री से ऊपर तापमान।

  2. 21 मई से गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं संभव।

  3. गर्मी से बचने के लिए दोपहर में घर से न निकलें।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू कश्मीर में पारा चढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को चौथे दिन भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। लू के थपेडो़ं के बीच पूरे जम्मू संभाग में पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है।जम्मू के साथ-साथ कश्मीर में भी तापमान सामान्य से दो छह डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और तेज़ धूप व खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी, आंधी-तूफान और हल्की बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। 21 मई को जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज़ हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके बाद 22 से 25 मई तक सुबह के समय मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

26 से 28 मई के बीच मौसम पूरी तरह गर्म और शुष्क रहने का अनुमान है। जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर तेज़ होगा।महीने के आखिरी दिनों यानी 29 से 31 मई के दौरान फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है। 

जम्मू कश्मीर में मौसम के आंकडे़

बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।कटड़ा का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।बटोत में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अन्य स्थानों में भी तापमान में वृद्धि देखी गई।

बनिहाल में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री के आसपास रहा तो बटोत में 30.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।श्रीनगर का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा।