विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर की कमान अब उमर के हाथ! बहुमत हासिल करने के बाद NC अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला का एलान

Published: Tue, 08 Oct 2024 02:10 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर चुनाव परिणामों (Jammu Kashmir Election Result 2024) में नेकां और कांग्रेस के गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के सीएम होंगे उमर अब्दुल्ला- फारूक अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के सीएम होंगे उमर अब्दुल्ला- फारूक अब्दुल्ला

डिजिटल डेस्क, जम्मू। J&K Election Results जम्मू-कश्मीर में नेकां और कांग्रेस के गठबंधन को रुझानों में स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। नेकां-कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में 46 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मतगणना के बीच नेकां के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के अगले सीएम उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) होंगे।

फारूक अब्दुल्ला ने जताया लोगों का आभार

नेकां अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाग लेने वाले सभी लोगों का आभारी हूं। एनसी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि फैसला इस बात का प्रमाण है कि जम्मू-कश्मीर के लोग अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ थे।

उन्होंने कहा कि हमें बेरोजगारी खत्म करनी होगी और महंगाई और नशीली दवाओं की समस्या जैसे मुद्दों का समाधान करना होगा।

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अब कोई एलजी और उनके सलाहकार नहीं होंगे। अब 90 विधायक होंगे जो लोगों के लिए काम करेंगे।

दोनों सीटों से चुनाव जीत गए उमर

उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल और बडगाम दो सीटों से चुनाव लड़ा था। उन्होंने दोनों सीटों से जीत दर्ज की है। गांदरबल से उमर अब्दुल्ला को 18193 वोट मिले हैं। उन्होंने पीडीपी के बशीर अहमद को हराया है। बशीर अहमद 12745 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे।

वहीं बडगाम सीट की बात करें तो उमर अब्दुल्ला को 36010 वोट मिले। उमर ने पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर को हराया है।

उमर अब्दुल्ला ने लोगों का धन्यवाद किया

गांदरबल और बडगाम से चुनाव जीतने के बाद उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अभी पूरे नतीजे नहीं आए हैं। नतीजे आने के बाद हम इस बारे में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नेकां को जीत मिली है, हम मतदाताओं के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमारी उम्मीदों से कहीं अधिक समर्थन किया है। अब हमारी कोशिश यह साबित करने की होगी कि हम इन वोटों के लायक हैं।