Jammu Kashmir Darbar Move: दरबार मूव की प्रक्रिया शुरू, आज से जम्मू आएंगी एडवांस पार्टियां
श्रीनगर में सरकार का दरबार 30 अक्टूबर से बंद हो रहा है। ऐसे में 26 अक्टूबर से श्रीनगर सचिवालय में विभागों के कामकाज को समेटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू में सचिवालय 9 नवंबर से काम करने लगेगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: राज्य की ग्रीष्मकाल राजधानी श्रीनगर से दरबार को जम्मू लाने की प्रक्रिया शुक्रवार को विभागों की एडवांस पार्टियों सदस्यों की रवानगी के साथ शुरू हो जाएगी।
एडवांस पार्टियां शुक्रवार दोपहर को श्रीनगर से जम्मू रवाना होने लगेंगी रही हैं। यह प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रहेगी। शुक्रवार दोपहर को निकल रहे जम्मू के सचिवालय कर्मी शनिवार काे रामनवमी का त्यौहार अपने घरों में परिजनाें के साथ मनाएंगे। वहीं 30 अक्टूबर को श्रीनगर में दरबार बंद होने के बाद कर्मचारियों व विभागों के रिकार्ड के काफिले 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को रवाना होंगे।
श्रीनगर में दरबार मूव की तैयारियों के चलते इस समय सचिवालय के सभी कर्मचारियों, अधिकारियाें के कोरोना का रेपिड एंटीजन टेस्ट करने की प्रक्रिया जारी है। सचिवालय कर्मियों के आग्रह पर सचिवालय परिसर में ही कर्मचारियों के कोरोना का रेपिड टेस्ट करने की प्रक्रिया जारी है। सचिवालय कर्मचारी यूनियन के प्रधान अब्दुल रौफ भट्ट ने जागरण को बताया कि कर्मचारी स्वेच्छा से अपने टेस्ट करवा रहे हैं। अब तक एक हजार के ज्यादा अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपने टेस्ट करवाए हैं। श्रीनगर में सचिवालय में कोरोना टेस्ट करने की प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
श्रीनगर में सरकार का दरबार 30 अक्टूबर से बंद हो रहा है। ऐसे में 26 अक्टूबर से श्रीनगर सचिवालय में विभागों के कामकाज को समेटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू में सचिवालय 9 नवंबर से काम करने लगेगा। ऐसे में इस समय सचिवालय के साथ कर्मचारियों की आवासियों कालोनी में मरम्मत कार्य जारी हैं। यह कार्रवाई जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर संजीव वर्मा की देखरेख में चल रही है।
कर्मचारियों के आने से पहले जम्मू सचिवालय में कामकाज को तेजी देने के लिए विभागों की एडवांस पार्टियां 2 नवंबर से कामकाज संभाल लेंगी। छह नवंबर तक सचिवालय में पार्टियों का काम पूरा हाे जाएगा। जम्मू के सचिवालय कर्मियों के काफिले 31 अक्टूबर, 1 नवंबर को जम्मू आएंगे। वहीं कश्मीर के कर्मचारियों के काफिले 7, 8 नवंबर को जम्मू आएगा।