आज दिल्ली जाएंगे रैना और कौल, गृहमंत्री अमित शाह से बैठक संभव
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता जम्मू कश्मीर के मौजूद हालात पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी बैठक कर सकते हैं। इसके लिए भाजपा नेताओं ने गृहमंत्री से समय भी मांगा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता जम्मू कश्मीर के मौजूद हालात पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी बैठक कर सकते हैं।
दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक 13 जून से हो रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना और संगठन महामंत्री अशोक कौल बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुधवार शाम दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा के नेताओं ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक से इतर केंद्रीय गृहमंत्री से अलग से मिलने का भी समय मांगा है। ऐसे में प्रदेश भाजपा के नेता केंद्रीय गृह मंत्री से राज्य के सुरक्षा हालात, विधानसभा चुनाव और अन्य मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
इसी बीच बैठक में भी जम्मू कश्मीर के हालात पर चर्चा संभव है। भाजपा ने संसदीय चुनाव में राज्य में तीन सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। अब पार्टी हाईकमान के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस प्रदर्शन को अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी बरकरार रखा जाए। ऐसे में प्रदेश भाजपा ने भी अपनी रिपोर्ट तैयार की है। पार्टी ने संसदीय चुनाव के परिणाम आने के बाद आगे की रणनीति तय करने के लिए दो बार कोर ग्रुप और एक बार चितन बैठक की है। इसमें विधानसभा चुनाव में चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की रणनीति भी बनाई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप