जम्मू, राज्य ब्यूरो। पाकिस्तान की शह पर हालात खराब करने पर तुले आतंकवादियों व उनके समर्थकों के खिलाफ खुलकर बोलने वाले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने जान से मारने की धमकी दी है। शनिवार शाम को लश्कर की ओर से जारी किए गए एक वीडियो में रैना को चेतावनी दी गई है कि वह पाकिस्तान, जेहाद के खिलाफ बाेलना, गुलाम कश्मीर काे वापस लेने, वहां मंदिर बनाने जैसे बयान देना बंद कर दे नही तो इसका बुरा अंजाम होगा।

यह वीडियो शाम साढ़े पांच बजे रविन्द्र रैना को मिला। इसके बाद उन्होंने जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह से फोन पर बात कर उन्हें इसके बारे में जानकारी दी।

उन्हाेंने आतंकवादी द्वारा भेजी गई वीडियो भी डीजी को भेजी। भेजी गई वीडियो में मुंह पर कपड़ा बांधे एक आतंकवादी रैना को यह अंतिम चेतावनी दे रहा है कि उसने व मोदी के अन्य चम्मचों ने अगर जेहाद के खिलाफ बयानबाजी बंद नही की जो उन्हें मार दिया जाएगा।

कश्मीर के लोगों को समर्थन देने के साथ आतंकवादी दावा भी कर रहा है कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370, 35 ए हटाने का बदला लिया जाएगा। रविन्द्र रैना ने जागरण को बताया कि लश्कर की यह वीडियो उन्हें शाम साढ़े पांच बजे मिली। मुझे पहले तीन बार लश्कर ने टेलीफोन पर घमकी दी थी, यह पहली बार है जब मुझे वीडियो जारी कर धमकी दी है।

रैना का कहना है कि वह ऐसी गीदड़ भभकी से डरने वाला नही हूं। रैना ने कहा कि वह देश के सैनिक की तरह अंतिम सांस तक देश के लिए लड़ने को तैयार हैं। ऐसी चेतावनियां उन्हें देश विरोधी तत्वों के खिलाफ बाेलने से रोक नही सकती हैं। जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों का सफाया होने से हताश तंजीमें ऐसी धमकियों से भाजपा कार्यकर्ताओं को डरा नही सकती हैं। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से रविन्द्र रैना को आतंकवादियों की धमकियां मिल रही हैं।

दो बार सुरक्षा एजेंसियों को भी ऐसी इनपुट मिली है कि रविन्द्र रैना को निशाना बनाने के लिए लश्कर के तीन आतंकवादियों ने जम्मू में घुसपैठ की है। इनकी पहचान गुलाम कश्मीर के गाजी बाबा है व कश्मीरी के बांडीपोरा जिले के नसीर अहमद डार और मोहम्मद सलीम की रूप में की गई थी। इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों को यह सूचना मिली थी आतंकवादियों ने जम्मू के गांधीनगर स्थित उनके आवास की रेकी की है। इसके बाद रविन्द्र रैना की सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया गया था।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप