35 ए पर भाजपा के टालमटोल रवैये के खिलाफ पैंथर्स भड़की
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अनुच्छेद 35 ए पर भाजपा पर दोगली राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अनुच्छेद 35 ए पर भाजपा पर दोगली राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया और भाजपा का पुतला फूंका। केंद्र व राज्य में भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राज्य में भाजपा को सरकार से त्यागपत्र दे देना चाहिए। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह प्रेस क्लब के नजदीक प्रदर्शनी मैदान में धरना दिया। हर्षदेव सिंह ने कहा कि भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है। अनुच्छेद 35 ए को हटाने की पैरवी करने वाली भाजपा की केंद्र सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में जाकर इस मामले को स्थगित करने की मांग की है। इससे पता चलता है कि आखिर भाजपा का एजेंडा क्या है। केंद्र सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में मामले को छह महीने के लिए स्थगित करने के लिए कहा था और यह आग्रह किया था कि कश्मीर पर वार्ताकार की नियुक्ति हुई है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले को तीन महीने के लिए स्थगित कर दिया। अपने राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा ऐसे हथकंडे अपना रही है। जिस तरह से भाजपा ने अनुच्छेद 35 ए पर सर्वोच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखा है, उससे यह साफ हो गया है कि भाजपा अलगाववादियों के आगे झुक गई है। संसदीय चुनाव से पहले जम्मू में प्रचार के लिए ललकार रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 35 ए को हटाने की बात कही थी। अब सत्ता की खातिर भाजपा अनुच्छेद 35 पर टालमटोल रवैया अपनाने पर आ गई है। प्रदर्शनकारियों में राजेश पडगोत्रा, गगन प्रताप सिंह, शंकर सिंह चिब, केके शर्मा, निर्मल किशोर, शिव नाथ, नरोत्तम सिंह, रोहित शर्मा, राम पाल शर्मा, सोहन सिंह, विशाल कुमार व अन्य शामिल थे।