जम्मू-कश्मीर में 20323 खाली पदों को भरने की तैयारी, ब्यौरा जुटाया जा रहा
प्रदेश के इतिहास में चली अब तक की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया में साढ़े तीन लाख युवाओं ने भाग्य आजमाया। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में रिकार्ड 7 दिनों के समय में चतुर्थ श्रेणी के 4600 उम्मीदवारों में नियुक्ति पत्र बांटे गए।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर में युवाओं के लिए रोजगार के साधन पैदा करने के लिए प्रदेश सेवा भर्ती बोर्ड की ओर से जुलाई 2020 के बाद 20323 खाली पदों को भरने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
प्रदेश में 9205 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है व 31 दिसंबर 2021 तक 5000 और पदों को भरने की चयन प्रक्रिया भी फाइनल हो जाएगी। शुक्रवार को सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव मनोज कुमार द्विवेदी ने जम्मू में उच्च स्तरीय बैठक में लोक सेवा आयोग व प्रदेश भर्ती बोर्ड द्वारा खाली पदों को भरने के लिए चलाई जा रही भर्ती प्रक्रिया का जायजा लिया।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि इस समय भर्ती प्रक्रिया को तेजी देने के लिए बनाई गई कमेटी, खाली पड़े राजपत्रित, गैर राजपत्रित व चतुर्थ श्रेणी के पदों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस प्रक्रिया से प्रदेश में खाली पड़े पदों के बारे में जानकारी मिलने के बाद भरने की दिशा में कार्रवाई करने के लिए इन पदों को जनवरी 2022 तक संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश सेवा भर्ती बोर्ड की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। बोर्ड की ओर से चतुर्थ श्रेणी के पदों को भरने के लिए प्रदेश के इतिहास में चली अब तक की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया में साढ़े तीन लाख युवाओं ने भाग्य आजमाया। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में रिकार्ड 7 दिनों के समय में चतुर्थ श्रेणी के 4600 उम्मीदवारों में नियुक्ति पत्र बांटे गए।
इसके साथ लोक सेवा आयोग की ओर से 2119 राजपत्रित पदों के लिए चयन किया गया जबकि 726 पदों को भरने की प्रक्रिया इस समय जारी है। इसके साथ आयोग ने 287 अधिकारियों को गत वर्ष व 769 अधिकारियों को जारी वर्ष में पदोन्नत करने की सिफारिश भी की है।