जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकवादियों ने भाजपा नेता अब्दुल हमीद नजार को मारी गोली
जम्मू-कश्मीर के बडगाम भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष अब्दुल हमीद नजार पर आतंकवादियों ने गोली चलाई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
श्रीनगर, एएनआई। जम्मू-कश्मीर के बडगाम भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष अब्दुल हमीद नजार को आतंकवादियों ने गोली मार दी, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस बडगाम एसएसपी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने बडगाम में अब्दुल हमीद नाजर पर गोली चलाई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा इलाके में आतंकियों ने रविवार सुबह भाजपा कार्यकर्ता अब्दुल हमीद को गोली मार दी। आतंकियों ने अब्दुल हमीद के घर में घुसकर उन्हें गोली मारी और वहां से फरार हो गए। अब्दुल हमीद को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश तेज कर दी है।
बड़गाम के एसएसपी के अनुसार भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल हामिद नजर पर आतंकियों ने हमला किया है, जिसके बाद घायल अवस्था में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शौपियां से अपहृत टीए के जवान की आतंकवादियों ने हत्या की
जानकारी के अनुसार शौपियां से अपहृत टीए के जवान की आतंकवादियों ने हत्या कर दी है। ईद की छुट्टी पर आए जवान का गत रविवार को आतंकवादियों ने अपहरण कर लिया था और उसकी कार को आग लगा दी थी। आतंकवादियों ने ऑडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है। आतंकवादियों ने जारी ऑडियो में कहा कि शाकिर मंजूर की गतिविधियों पर बीते कई दिनों से नजर रखे हुए थे। वह कश्मीर में जारी जिहाद के खिलाफ काम कर रहा था। इसमें शाकिर मंजूर के शव को दफाए जाने का जिक्र भी किया गया।
जानकारी हो कि अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाए जाने की पहली वर्षगांठ से एक दिन पहले चार अगस्त को आतंकवादियों ने कुलगाम के मीर बाजार में भाजपा सरपंच आरिफ अहमद को गोली मार दी थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके पहले जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में भाजपा के कार्यकर्ता वसीम बारी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जिसमें वसीम के अलावा उनके पिता बशीर अहमद और उनके भाई उमर बशीर पर भी गोलियां चलाई गयी थीं। इन तीनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज शुरू होने से पहले इन तीनों लोगों की मौत हो गई थी।