Jammu : जम्मू की तान्या गुप्ता ने किया जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन, मिला सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार
Jammu Girl Tanya Gupta तान्या को चीन में 2010 के एशियाई खेलों के समापन समारोह में प्रदर्शन करने के लिए जाना जाता है। वह भारत की इकलौती गायिका थी जिन्हें इन खेलों में प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया था।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू की जानी मानी गायिका तान्या गुप्ता को दादा साहब फाल्के आइकन अवार्ड फिल्म्स ऑर्गनाइजेशन ने यूएई, दुबई में उनके व्यावसायिक काम के लिए वर्ष 2022 के लिए सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार दिया।
राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू के पूर्व एचओडी डा. सत्यदेव गुप्ता की बेटी तान्या गुप्ता अपनी शानदार आवाज और थिएटर की पृष्ठभूमि के साथ एक असाधारण गायिका हैं। उन्हें विश्वास है कि लोगों को ठीक करने और उदास चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए संगीत अहम है। उन्होंने उस समय संगीत की दुनिया में कदम रखा जब जममू-कश्मीर बंदूक की हिंसा से तबाह हो रहा था। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीरों के लिए उनकी भावना किसी से छिपी नहीं है।
मातृभूमि भारत के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के परिजनों की सहायता के लिए उन्होंने अपनी कमाई का आधा हिस्सा देने का जीवन भर का संकल्प लिया है। उनके इस मानवीय भाव को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम जी ने भी सराहा था। उनके उदार योगदान के लिए उन्हें डार्लिंग आफ द फोर्सेस की उपाधि दी गई है।
तान्या को चीन में 2010 के एशियाई खेलों के समापन समारोह में प्रदर्शन करने के लिए जाना जाता है। वह भारत की इकलौती गायिका थी जिन्हें इन खेलों में प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया था। कुछ दिनों में उनके दो और गाने रिलीज़ होंगे जिसमें तान्या अपनी सुरीली आवाज़ के साथ भारत और सीमा पार के कुछ पंजाबी लोक गीतों को दोहराते हुए दिखाई देंगी।
तान्यता का कहना है कि वह पुरस्कार हासिल करने से बहुत खुश है। जब भी उन्हें इस तरह का सम्मान मिलता है तो पूरे जम्मू-कश्मीर और भारत का नाम रोशन होता है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद संगीत की दुनिया में जम्मू-कश्मीर का नाम और आगे बढ़ाना है। उनका आगे भी यही प्रयास रहेगा कि वह इसी तरह मेहनत करती रहें।