जम्मू में तड़के चला बुलडोजर! सतवारी में 18 दुकानें ध्वस्त, 21 और पर खतरा; दुकानदारों के सामने रोजी का संकट
जम्मू की नई बस्ती-सतवारी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने 18 दुकानों पर बुलडोजर चलाया ...और पढ़ें
HighLights
नई बस्ती में फ्लाईओवर निर्माण के लिए 18 दुकानों पर बुलडोजर चला।
सतवारी-कुंजवानी कॉरिडोर परियोजना को गति देने हेतु यह कार्रवाई की गई।
दुकानदारों को गोल गुजराल में पुनर्वास और दुकानें देने का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, जम्मू। नई बस्ती-सतवारी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सतवारी चौक के निकट 18 दुकानों पर बुलडोजर चला दिया। चौक में तीन और दुकानें हैं, जिनके आज रात तक तोड़े जाने की संभावना है। इसके अलावा नई बस्ती बाजार के बाहर 18 दुकानें हैं और इन्हें भी अगले दो दिनों में तोड़े जाने की संभावना है।
नई बस्ती की 39 दुकानों के बिजली कनेक्शन बुधवार को ही काट दिए गए थे। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को बिना किसी देरी के दुकानें खाली करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, ताकि तोड़-फोड़ की प्रक्रिया पूरी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके। बिजली काटने के चलते पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और बड़ी संख्या में लोग और दुकानदार वहां एकत्र हो गए और उन्होंने इसका विरोध किया।
बाद में सतवारी चौक के निकट कुछ दुकानदारों ने देर शाम अपना सामान भी समेटना शुरू कर दिया था। इसके बाद प्रशासन ने वीरवार तड़के करीब तीन बजे 18 दुकानों को तोड़ दिया। प्रशासन की ओर से यहां 33 दुकानें व छह खोखे तोड़े जाने हैं ।
दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट
इन दुकानदारों के पुनर्वास के लिए सरकार ने भगवती नगर से आगे गोल गुजराल में जमीन अलाट की है और अगले चार से छह महीनों में सरकार ने इन लोगों को वहां दुकानें बनाकर देने का आश्वासन दिया है।
अब दुकानदारों की यहीं दलील है कि दुकानें बनने तक उन्हें यहां से नहीं हटाया जाना चाहिए था। आज उनकी दुकानें तोड़ दी गई है और गोल गुजराल में दुकानें बनने तक वे बेकार हो गए हैं।
फ्लाईओवर परियोजना की महत्ता
सतवारी-कुंजवानी कारिडोर पर बन रहा यह एलिवेटेड फ्लाईओवर जम्मू शहर की महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक है। दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी और जम्मू हवाई अड्डे के विस्तार से जुड़े इस मार्ग पर रोजाना ट्रैफिक जाम रहता है।
इस बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड कारिडोर के पूरा होने से सतवारी, बिक्रम चौक और कुंजवानी के बीच वाहनों की आवाजाही सिग्नल-फ्री हो जाएगी, जिससे न केवल स्थानीय नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी बल्कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर भी सुगम होगा।
यह फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है लेकिन नीचे का मार्ग सुचारू न होने के कारण अभी तक इसे ट्रैफिक के लिए खोला नहीं जा सका था।
