विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर में लगा रखी थी नकली नोटों की फैक्ट्री, जम्मू के चौआदी से स्कैनर-प्रिंटर व धारदार हथियार संग 3 गिरफ्तार

Published: Tue, 29 Sep 2026 12:57 PM (IST)

जम्मू पुलिस ने चौआदी इलाके में एक किराए के मकान में चल रही नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया ...और पढ़ें

जम्मू में नकली नोट बनाने वालों का पर्दाफाश।

जम्मू में नकली नोट बनाने वालों का पर्दाफाश।

HighLights

  1. जम्मू पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

  2. चौआदी में किराए के मकान से तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए

  3. जाली नोट, स्कैनर, प्रिंटर और धारदार हथियार बरामद हुए

दिनेश महाजन, जम्मू। जम्मू में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जम्मू पुलिस ने सोमवार देर शाम जम्मू में नकली नोट तैयार करने के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बिहार, मध्य प्रदेश और झारखंड के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

नकली नोट बनाने का पूरा खेल शहर के चौआदी क्षेत्र में एक किराए के मकान में चल रहा था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 13,500 रुपये के जाली नोट, स्केनिंग मशीन, टर, कंप्यूटर और अन्य सामग्री के साथ एक धारदार हथियार बरामद किया।

बाजार में  नहीं पहुंचे नकली नोट?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने नकली नोट बाजार में तो नहीं चलाए हैं और इनके पीछे कोई और बड़ा गिरोह तो काम नहीं कर रहा। हालांकि अभी ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।

आरोपितों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों में विजय साहनी मूल निवासी सिवान, बिहार (वर्तमान में प्रीत नगर, डिग्याना), राहुल अहिरवार मूल निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश (वर्तमान में मार्बल मार्केट, जम्मू) और इंदरपाल कुमार मूल निवासी साहिबगंज, झारखंड (वर्तमान में त्रिकुटा नगर, जम्मू) शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपितों ने कुछ दिन पहले अप्पर चौआदी क्षेत्र में एक किराए पर मकान ले रखा था, जिसमें यह नकली नोट छापने का काम कर रहे थे।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ सिटी ईस्ट संचित शर्मा ने टीम के साथ घर में दबिश दी, जहां नकली नोट तैयार करने से संबंधित सामग्री बरामद हुई। सैनिक कालोनी पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में छन्नी हिम्मत थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।