Corona Vaccination: पहले सप्ताह टीकाकरण में जम्मू पड़ा कश्मीर पर भारी
जम्मू-कश्मीर में कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण हुए एक सप्ताह व्यतीत हो गया है। अभी तक 11 फीसद के आसपास स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण कर दिया है लेकिन इसमें जम्मू संभाग कश्मीर पर भारी पड़ा। अब स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाएगा।
जम्मू, रोहित जंडियाल। जम्मू-कश्मीर में कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण हुए एक सप्ताह व्यतीत हो गया है। अभी तक 11 फीसद के आसपास स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण कर दिया है लेकिन इसमें जम्मू संभाग, कश्मीर पर भारी पड़ा। अब स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से मिले आंकड़ों के अनुसार सोलह जनवरी को शुरू हुए टीकाकरण अभियान में पहले चरण में एक लाख सात हजार 821 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना है। अभी तक छह दिनों तक चले अभियान में 11,647 स्वास्थ्य कर्मियों अर्थात 10.80 फीसद का टीकाकरण हो गया है। इसमें जम्मू संभाग के 5781 अर्थात 12.35 फीसद और कश्मीर संभाग 4791 अर्थात 7.84 फीसद कर्मचारियों का टीकाकरण हो गया है।
जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक टीकाकरण सांबा जिले में हुआ है
जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक टीकाकरण सांबा जिले में हुआ है। जिले में अभी तक तीस फीसद के आसपास कर्मचारियों का टीकाकरण हो गया है जबकि सबसे कम श्रीनगर जिले में टीकाकरण हुआ है। श्रीनगर में मात्र ढाई फीसद के आसपास कर्मचारियों का ही अभी तक टीकाकरण हो गया है। यही नहीं अनतंनाग, बारामुला और कुपवाड़ा जिलों में भी टीकाकरण पांच फीसद से कम हुआ है। कश्मीर संभाग में स्वास्थ्य कर्मचारियों में टीकाकरण को लेकर कोई खास उत्साह नहीं है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उच्च्चाधिकारियों का कहना है कि आनेे वाले दिनों में कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिलेगा। उनका कहना है कि अभी चिंता करने की जरूरत नहीं है। किसी भी अभियान में शुरू में ऐसा देखने को मिलता है लेकिन धीरे-धीरे अभियान गति पकड़ने लगता है।
अभियान में अच्छी बात यह है कि जम्मू संभाग के पांच जिलों में टीकाकरण अभियान तेजी के साथ चल रहा है इनमें डोडा, पुंछ, रामबन, रियासी, सांबा और उधमपुर जिले शामिल हैं। जम्मू संभाग में सिर्फ जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, राजौरी जिलों में ही कम टीकाकरण है। हालांकि जम्मू जिले में पिछले दो दिनों से टीकाकरण अभियान में तेजी आई है। जीएमसी जम्मू में सौ फीसद लक्ष्य हासिल हो रहा है।
पांच दिन चल रहा है अभियान
जम्मू-कश्मीर देश में एक ऐसा केंद्र शासित प्रदेश है जहां पर सप्ताह में पांच दिन टीकाकरण अभियान चल रहा है। अन्य प्रदेशों में सप्ताह में चार दिन ही अभियान चल रहा है। जम्मू-कश्मीर में रविवार और बुधवार को छोड़ दिया जाए तो अन्य पांचों दिन अभियान चल रहा है। इसका मकसद लक्ष्य को तय समय पर पूरा करना है। परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक डा. सलीम-उर-रहमान का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में तय समय पर लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
अभी तक हुआ टीकाकरण :
जम्मू संभाग
- डोडा: 18.76
- जम्मू: 9.60
- कठुआ: 7.65
- किश्तवाड़: 7.50
- पुंछ: 10.08
- राजौरी: 9.02
- रामबन: 17.28
- रियासी: 16.18
- सांबा: 30.70
- उधमपुर: 19.80
जम्मू संभाग: 12.35
कश्मीर संभाग :
- अनंतनाग: 5.14
- बडगाम: 11.07
- बांडीपोरा: 8.31
- बारामुला: 4.24
- गांदरबल: 10.27
- कुलगाम: 10.09
- कुपवाडा: 4.10
- पुलवामा: 21.17
- शोपियां: 10.97
- श्रीनगर: 2.48
कश्मीर संभाग: 7.84
जम्मू-कश्मीर: 10.80