धनतेरस पर गुलजार हैं शहर के बाजार, लोगों ने खरीददारी करके परंपरा को निभाया
धनतेरस पर पहले बर्तनों की खरीदारी होती थी अब ट्रेंड में बदलाव आया है। लोग टीवी फ्रिज क्रॉकरी फर्नीचर ओवन वाहन आदि सामानों की खरीदारी करने लगे हैं।
जम्मू, जेएनएन। सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बाजार में उमड़ी हुई है। सबसे ज्यादा भीड़ ज्वैलरी, बर्तन, कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों में देखने को मिल रही है। हर वर्ग अपनी क्षमता अनुसार खरीदारी कर रहा है। कुछ ने स्टील व अन्य धातु के बर्तन खरीद घर-परिवार की समृद्धता की दुआ मांगी तो कुछ ने इस शुभ दिन पर सोने-चांदी की खरीदारी करके परंपरा को निभाया।
धनतेरस पर पहले बर्तनों की खरीदारी होती थी अब ट्रेंड में बदलाव आया है। लोग टीवी, फ्रिज, क्रॉकरी, फर्नीचर, ओवन, वाहन आदि सामानों की खरीदारी करने लगे हैं। शहर के बड़े-बड़े माॅल में भी भारी भीड़ है। पुराने शहर के बाजारों में तो इस कदर भीड़ देखने को मिल रही है कि कई रास्तों पर तो ट्रैफिक विभाग व पुलिस ने वाहनों की आवाजाही ही रोक दी है। दुकानदारों का कहना है कि आज अधिकतर बाजार आम दिनों की तुलना में शाम को देर से बंद होंगे। पिछले साल की तुलना में इस बार धनतेरस पर बिक्री कम हुई है परंतु फिर भी पिछले कई महीनों से बाजारों में छाई मंदी आज दूर हुई है।
वहीं धनतेरस पर सर्राफा बाजार में भी खूब चहल-पहल है। चांदी के बर्तन व सोने के जेवर खरीदने वालों की कोई कमी नहीं है। ज्यूलर अनिल कुमार ने बताया कि सोने के दाम अधिक होने के कारण धनतेरस पर चांदी की खरीदारी अधिक हो रही है। लोग चांदी के डिनर सेट, टी सेट व लेमन सेट के अलावा चांदी के ग्लास, प्लेट, कटोरी, चम्मच व अन्य बर्तन खरीदार रहे हैं। इसके अलावा शादी की तैयारियों में जुटे लोग भी इस दिन सोने के जेवरों की खरीदारी कर रहे हैं।