Jammu Budget News: बजट में जम्मू को मिल सकता है नए रेल मंडल का तोहफा
बजट में जम्मू को नए रेल मंडल को तोहफा मिल सकता है। नए रेल मंडल में 417 किलोमीटर रेलवे लाइन और छोटे-बड़े 43 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं। नए रेल मंडल का हेड क्वार्टर जम्मू में बनेगा। नए रेल मंडल मिलने से जम्मू कश्मीर के रेलवे कर्मियों को काफी लाभ मिलेगा।
दिनेश महाजन, जम्मू: जम्मू कश्मीर में रेलवे ढांचे के लगातार हो रहे विस्तार को देखते हुए भारतीय रेलवे ने नए रेल मंडल को फाइलों से निकाल कर जमीन पर लाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार को पेश होने वाले आम बजट में जम्मू को नए रेल मंडल का तोहफा मिल सकता है। भारतीय रेलवे ने इसके लिए खाका तैयार कर ली है। प्रस्तावित नए रेल मंडल का हेड क्वार्टर जम्मू में बनेगा। इसमें पंजाब के सुजानपुर से लेकर कश्मीर के बारामुला तक करीब 417 किलोमीटर रेलवे लाइन को कवर किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: उपराज्यपाल ने जम्मू विश्वविद्यालय में 36वें युवा महोत्सव 'अंतर्नाद' का किया उद्घाटन, छात्रों को दिया ये संदेश
इस मंडल में कुल 43 स्टेशन होंगे। इसमें कठुआ को पहला सबसे बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। हालांकि, कठुआ से पहले सुजानपुर और लखनपुर भी दो छोटे रेलवे स्टेशन बनेंगे। सुजानपुर से जम्मू तक विद्युतीकरण वाली डबल रेल लाइन है, जबकि जम्मू से आगे सिंगल लाइन होगी।
जम्मू रेल मंडल के गठन की घोषणा वर्ष 2012 में ही हो गई थी, लेकिन अभी तक आदेश सरकारी फाइलों में ही दब कर रह गया है। लेकिन इस बार पेश होने वाले बजट में जम्मू को नए रेल मंडल मिलने की उम्मीद बढ़ गई। नए रेल मंडल मिलने से जम्मू कश्मीर के रेलवे कर्मियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए फिरोजपुर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
देश का सबसे बड़ा रेल मंडल है फिरोजपुर
फिरोजपुर रेल मंडल में पंजाब, हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर के 1800 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर रेलगाड़ियों का परिचालन होता है। इस मंडल में 239 छोटे एवं बड़े रेलवे स्टेशन आते हैं। पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में रेलवे के विस्तार की मंशा से फिरोजपुर रेल मंडल से अलग कर जम्मू रेल मंडल के नाम से करीब सात वर्ष पूर्व एक नया रेल मंडल घोषित हुआ था। 24 फरवरी 2012 को तत्कालीन केंद्र सरकार ने आदेश जारी कर जम्मू रेल मंडल बनाने की घोषणा की थी। नए रेल मंडल के अस्तित्व में आने की कवायद चल रही थी। कर्मचारियों की तैनाती भी शुरू हो गई थी।
चार हजार रेल कर्मियों को होगा लाभ
नए रेल मंडल के निर्माण से पंजाब और जम्मू में काम कर रहे करीब चार हजार रेलवे कर्मियों को लाभ होगा। इन सभी रेलवे कर्मियों को छोटे से काम के लिए फिरोजपुर के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन नए रेल मंडल मिलने के बाद इन कर्मियों की परेशानी दूर हो जाएगी। इतना ही नहीं, जम्मू कश्मीर के लोगों को भी नए रेल मंडल से रोजगार मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Jammu News: सरकारी कर्मचारियों को अंतर विभागीय डेपुटेशन पर भेजेगी सरकार, नीति को प्रभावी बनाने का आदेश जारी