जम्मू-कश्मीर में दिवाली पर गाड़ी खरीदने का मौका, कंपनियां दे रहीं आकर्षक ऑफर्स; बुकिंग शुरू
जम्मू का ऑटोमोबाइल सेक्टर दीपावली और भाईदूज के त्योहारों को लेकर उत्साहित है, जहां आकर्षक उपहारों के साथ बुकिंग शुरू ...और पढ़ें

जम्मू में दिवाली से पहले गाड़ियों की बुकिंग शुरू। (फाइल फोटो)
HighLights
दीपावली, भाईदूज के लिए ऑटोमोबाइल सेक्टर उत्साहित, बुकिंग जारी।
नवरात्र में वाहनों की बिक्री में 39.30% की गिरावट दर्ज।
ट्रैक्टर बिक्री में वृद्धि, अन्य श्रेणियों में कमी देखी गई।
जागरण संवाददाता, जम्मू। साल के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को लेकर जम्मू-कश्मीर का ऑटोमोबाइल सेक्टर काफी उत्साहित है। करवाचौथ, दीपावली और उसके बाद भाईदूज के त्योहार पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए इन दिनों ऑटोमोबाइल सेक्टर में लगभग हर खरीद पर आकर्षित उपहार दिए जा रहे हैं।
त्योहारी सीजन में बिक्री में तेजी लाने के उद्देश्य से विभिन्न कंपनियों की ओर से इन दिनों दो-पहिया व चार पहिया वाहनों के नए मॉडल भी बाजार में उतारे जा रहे हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर में दीपावली व भाईदूज के लिए अभी से बुकिंग का दौर भी शुरू हो गया है।
अगले 15 दिन में अच्छे कारोबार की उम्मीद
इन बुकिंग को देखते हुए जम्मू के लगभग सभी डीलराें को उम्मीद है कि अगले एक पखवाड़े में ऑटोमोबाइल सेक्टर में उत्सावर्धक बिक्री देखने को मिलेगी। हालांकि, इस बार शारदीय नवरात्र के दौरान इस सेक्टर में पिछले साल की तुलना में काफी गिरावट देखी गई।
पिछले साल नवरात्र में कुल 10,900 वाहनों की बिक्री हुई थी जबकि इस बार नवरात्र में 39.30 प्रतिशत गिरावट के साथ सिर्फ 6616 वाहनों की बिक्री हुई। इस बार पूरे आटोमोबाइल सेक्टर में एकमात्र ट्रैक्टर ऐसी श्रेणी थी जिसमें पिछले नवरात्र की तुलना में इस बार के नवरात्र में बिक्री अधिक रही।
वाहनों की बिक्री
दो पहिया वाहन
शारदीय नवरात्र 2026 : 3883
शारदीय नवरात्र 2025 : 6063
गिरावट : 35.96 प्रतिशत
तीन पहिया वाहन
शारदीय नवरात्र 2026 : 465
शारदीय नवरात्र 2025 : 504
गिरावट : 7.74 प्रतिशत
व्यवसायिक वाहन
शारदीय नवरात्र 2026 : 254
शारदीय नवरात्र 2025 : 495
गिरावट : 48.69 प्रतिशत
कारें
शारदीय नवरात्र 2026 : 3735
शारदीय नवरात्र 2025 : 1880
गिरावट : 49.67 प्रतिशत
ट्रैक्टर
शारदीय नवरात्र 2026 : 118
शारदीय नवरात्र 2025 : 86
वृद्धि : 37.21 प्रतिशत
कुल वाहनों की बिक्री
शारदीय नवरात्र 2026 : 6616
शारदीय नवरात्र 2025 : 10,900
गिरावट : 39.30 प्रतिशत
त्योहारों के सीजन से ऑटो सेक्टर को उम्मीद
फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन जेएंडके के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने बताया कि आगामी त्योहारों के सीजन को लेकर सेक्टर में उत्साह है। नवरात्र में वाहनों की बिक्री हालांकि सामान्य रही लेकिन पिछले साल नवरात्र की तुलना में गिरावट दर्ज की गई।
इसका मुख्य कारण यह रहा कि पिछले साल सरकार ने जीएसटी में सुधार लागू किए थे जिसका तत्काल बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा था और वाहनों की बिक्री में एकाएक तेजी देखी गई थी।
अब चूंकि इन सुधारों को लागू हुए करीब एक साल बीत चुका है, लिहाजा ग्राहक सामान्य रूप से व्यवहार कर रहे हैं। अब आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि बाजार किस ओर जा रहा है क्योंकि अभी सबसे बड़े त्योहार आने वाले हैं।
