जम्मू कश्मीर प्रदेश भाजपा बंगाल में भाजपा समर्थकों पर हो रहे अत्याचार पर जनजागरण करेगी
प्रदेश भाजपा बंगाल में भाजपा समर्थकों पर हो रहे अत्याचार पर लोगों को जागरूक कर ममता सरकार को एक्सपोज करेगी। बंगाल पर चर्चा कार्यक्रम में बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने से उपजे हालात पर विचार विमर्श किया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भाजपा बंगाल में भाजपा समर्थकों पर हो रहे अत्याचार पर लोगों को जागरूक कर ममता सरकार को एक्सपोज करेगी। बंगाल पर चर्चा कार्यक्रम में बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने से उपजे हालात पर विचार विमर्श किया।
इस वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के डायरेक्टर डाॅ अनिर्बान गांगुली ने की। बंगाल के मौजूदा हालात के बारे में जानकारी देते हुए डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के डायरेक्टर डाॅ अनिर्बान गांगुली ने बताया कि विधानसभा चुनाव के नजीते आने के बाद से ममता बनर्जी की शह पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं पर कहर बरपा रहे हैं।
डाॅ अनिर्बान गांगुली से बंगाल पर चर्चा में उठा मुद्दा
भाजपा समर्थकों के लिए भी अपनी जान बचाना मुश्किल हो रहा है। बर्बरता की सारी हदें पार की जा रही हैं। लोगों को धमका कर बंगाल की संस्कृति को बदलने की कोशिश हो रही है। ऐसे हालात में यह जरूरी है कि ममता सरकार को एक्सपोज कर बंगाल में लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाएं।
इस वर्चुअल बैठक में भाजपा के जम्मू कश्मीर प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुग, सह प्रभारी आशीष सूद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा, राष्ट्रीय सचिव डा नरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रधानों व वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक में विचार व्यक्त करते हुए रविन्द्र रैना ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए बंगाल बहुत अहमियत रखता है।
डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इस प्रदेश में एक विधान, एक प्रधान, एक निशान की मांग को लेकर प्राणों की आहुति दी थी। इस मुश्किल की घड़ी में जम्मू कश्मीर भाजपा बंगाल के कार्यकर्ताओं व पार्टी समर्थकों के साथ खड़ी है। इस वर्चुअल बैठक का आयोजन पार्टी मुख्यालय की प्रभारी प्रिया सेठी की देखरेख में किया गया।